कैथल, 1 अप्रैल ( ) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला वासियों का आह्वान किया है कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने से वंचित रहे सभी 18 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के व्यक्ति 12 अप्रैल 2019 दोपहर बाद 3 बजे तक नई वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरकर अपने बूथ स्तर अधिकारी या निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाएं। नई वोट ऑनलाईन माध्यम से भी बनवाई जा सकती हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्तियों की चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है।
डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले या इससे अधिक आयु के ऐसे व्यक्ति, जिनका किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूचियों में नाम दर्ज नहीं है, वे आगामी 12 अप्रैल तक अपना वोट बनवाने के लिए आवेदन फार्म जमा करवा सकते हैं। इसके बाद नई वोट बनाने हेतू कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतू प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रचार वाहन भी निरंतर चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आम नागरिकों की सुविधा हेतू सी-विजिल एप शुरू की गई है। कोई भी नागरिक इस एप को अपने स्मार्ट फोन पर डाउनलोड करके चुनाव से संबंधित कोई भी शिकायत का विडियो व फोटो अपलोड कर सकता है। इस एप पर शिकायत अपलोड होने के 100 मिनट में संबंधित अधिकारियों द्वारा इस शिकायत का निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा राजनीतिक दलों एवं उम्मीवारों हेतू सभी प्रकार की अनुमती प्राप्त करने के लिए सुविधा एप भी शुरू की गई है। इस एप पर चुनाव प्रचार व अन्य अनुमती ऑनलाईन प्राप्त की जा सकेंगी। आम नागरिकों की सुविधा हेतू हैल्पलाईन सेवा 1950 भी शुरू की गई है। कोई भी नागरिक इस हैल्पलाईन सेवा पर फोन के माध्यम से चुनाव के संदर्भ में वांछित जानकारी प्राप्त कर सकता है। इस हैल्पलाईन सेवा के माध्यम से मतदाता सूचियों में दर्ज की विवरण की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की अनुपालना में सी-विजिल एवं सुविधा एप पर निगरानी के लिए कंट्रोल रू म में विशेष 5 टीमें गठित की गई हैं तथा इसके लिए 5 नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं। इन सभी नियंत्रण कक्षों में पर्याप्त स्टाफ तैनात किया गया है। इन टीमों में प्रथम टीम जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर की गठित की गई है, जिसमें 5 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। इस टीम में शिक्षा विभाग के 4 कर्मचारी एवं उपायुक्त कार्यालय का एक डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल है। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र अनुसार भी एक-एक निगरानी टीम गठित की गई है। गुहला विधानसभा, कलायत विधानसभा क्षेत्र, कैथल विधानसभा क्षेत्र तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 4-4 कर्मचारियों की 4 निगरानी टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
Post Now India Post Now India