राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (निट) कुरूक्षेत्र में कक्षा प्रथम से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय उत्सव ‘शिक्षांगन’ का आगाज संस्थान के जुबली हॉल में शुक्रवार देर सायं उद्घाटन समारोह के साथ किया गया । शिक्षा और सांस्कृतिक पर आधारित इस कार्यक्रम में मुख्या-अतिथि के रूप में चेतना फाउंडेशन की कार्यवाहक अध्यक्ष व कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के म्यूजिक विभाग की पूर्व प्रोफेसर डॉ. आशा पाण्डे व प्रो. एम. एम. पाण्डे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. सरस्वती यादव तथा डॉ. छाया तोमर उपस्तिथ थे। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्या-अतिथि ने शिक्षा समूह के सदस्यों द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चो का सर्वांगीण विकास करना है और उन्होंने ‘नास्ति विद्या समं चक्षु’ और ‘विद्या ददाति विनयं’ जैसे श्लोंको के माध्यम से सभी को विद्या का महत्व समझाया। संस्थान के लोक सम्पर्क अधिकारी प्रो. पी. सी. तिवारी ने मुख्य अतिथियों, संस्थान के निदेशक पद्मश्री डॉ. सतीश कुमार, डीन (छात्र कल्याण) प्रो. राजेंद्र कुमार सहित शिक्षा समिति से जुड़े सभी अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर निट के बी.टेक. तृतीय वर्ष के छात्र अमन कुमार ने शिक्षा समिति के द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों के बारे में बताया । संस्थान के लोक सम्पर्क अधिकारी प्रो. पी. सी. तिवारी सहित लोक प्रशासन विभाग केयूके की प्रो. मन्जूषा शर्मा व अन्य प्राध्यापकगणों ने मुख्या-अतिथि को स्मृति चिन्ह व शाल प्रदान कर सम्मानित किया ।
कार्यक्रम के दौरान नृत्य, नाटक, संगीत, रचनात्मक लेखन, प्रश्नोत्तरी, फैंसी ड्रेस, एथलेटिक्स और खेल से जुड़ी कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में निर्णायक मंडली के सदस्यों के रूप में संस्थान के डीन (योजना व विकास)प्रो. ए. स्वरुप और डॉ. बबिता सैनी उपस्थित थे । इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दो चरणों में विभाजित किया गया था जिनमें कक्षा प्रथम से कक्षा छठी तक के विद्यार्थी जूनियर सेक्शन और कक्षा छठी से उपर के विद्यार्थी सीनियर सेक्शन में बांटे गए थे। जूनियर सेक्शन से आदित्य ने भगत सिंह बनकर प्रथम व चेतना फाउंडेशन के मनीष ने पीडि़त पति के रूप में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह सीनियर सेक्शन से अर्जुन ने बाहुबली बनकर प्रथम व चेतना फाउंडेशन की मोहिनी ने माँ के रूप में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर निट कुरुक्षेत्र के बी. टेक. अंतिम वर्ष के छात्र कर्मवीर, अभिनव, उदित, राजीव, रोहित, रौनक, वंदना सहित काफी संख्या में शिक्षकगण, कर्मचारीगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India