कैथल, 3 अप्रैल: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि पुरूषों के साथ महिलाओं को भी लोकसभा आम चुनाव देश का त्यौहार में अपनी सकारात्मक भागीदारी करते हुए शत-प्रतिशत मतदान करना चाहिए। घर के कामों को छोड़कर सबसे पहले सभी को मतदान करके लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने फर्ज को निभाना चाहिए। हम सबको समाज के अंदर शत-प्रतिशत मतदान की अलख जगानी चाहिए।
डॉ. प्रियंका सोनी व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी यानि स्वीप की गतिविधियों के तहत लोकसभा चुनाव देश का त्यौहार विषय पर इंदिरा गांधी महाविद्यालय में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। इससे पहले उपायुक्त ने मेहंदी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में एक-एक मत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को बढ़चढ़ कर मतदान प्रक्रिया में भाग लेकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए। अपने मत का प्रयोग सोच-समझकर जरूर करें। आगामी 12 मई को लोकसभा आम चुनाव के लिए मतदान होना है, सभी को अपने मत का प्रयोग जरूर करना है। महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए इस बार बूथ पर खासकर शहरी क्षेत्रों में महिला अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान पिंक बूथ भी स्थापित किए जाएंगे, जिस पर सभी महिला अधिकारी व कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाएंगे। आज के परिवेश में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं। मतदान प्रक्रिया में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मतदान करना चाहिए। मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन करने का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को मतदान के लिए जागरूक करना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने आसपास के क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करें। जिला प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष व शांति पूर्वक करवाने के लिए कृत संकल्प है। जिन मतदाताओं के अभी तक वोट नही बने हैं, वह योग्य व्यक्ति 12 अप्रैल तक वोट बनवा सकता है। चुनाव के दौरान दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने व छोड़ने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी।
डॉ. प्रियंका सोनी ने स्वीप के माध्यम से जिला के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के साथ-साथ प्रचार-प्रसार के माध्यम से आम जन को लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी के लिए जागरूक किया जा रहा है। मतदाताओं की सुविधा के लिए हैल्प लाईन नंबर 1950 जारी किया गया है, जिस पर मतदाता अपने मत से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि पुरूषों के साथ महिलाओं को शत-प्रतिशत मतदान केंद्र तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। उपायुक्त ने बताया कि विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को मतदान करने संबंधी विषय पर मेहंदी लगाकर जागरूक भी किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से संवाद करते हुए महिलाओं का मतदान प्रतिशत कैसे बढ़ाया जाए कि विस्तार पूर्वक चर्चा की।
इस अवसर पर जगदीश बहादुर खुरानिया, राम बहादुर खुरानिया, कार्यक्रम अधिकारी रेणू पसरिचा, सीडीपीओ कमलेश गर्ग, डिंपल गोयल, चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह, सुदेश रानी, राजेंद्र आदि उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव देश का त्यौहार मेहंदी प्रतियोगिता में आरकेएसडी, आईजी, जाट कॉलेज तथा डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज की 26 छात्राओं ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की अंजली प्रथम, आरकेएसडी कॉलेज की सरिता द्वितीय तथा इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की छवि तीसरे स्थान पर रही। इसके साथ-साथ 10 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। निर्णायक मंडल में डा. मंजूला गोयल, आरती गर्ग, अभिषेक गर्ग, डा. बलबीर तंवर शामिल रहे।
Post Now India Post Now India