इन्द्री, 17 जून: ‘जल ही जीवन है’ योजना के अन्तर्गत बीडीपीओ कार्यालय इन्द्री के सभागार में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा मक्का की फसल व धान की सीधी बिजाई को लेकर गत दिवस किसान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक तकनीकी प्रबंधक विनोद कुमार ने इस योजना के अंतर्गत किसानों को होने वाले तथा भावी पीढिय़ों के कल्याण को ध्यान में रखकर भूमिगत जल को संरक्षित करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें प्रदेश में कम पानी उपयोग वाली फ सलों की बिजाई करनी चाहिए। उन्होनें किसानों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे प्राकृतिक आपदाओं का सामना व जोत का आकार छोटा होने के बावजूद अपने देश के लिए रिकार्ड उत्पादन कर रहे है, परन्तु अत्याधिक मात्रा में रसायनिक उर्वरक का उपयोग व लगातार भूमिगत जल का दोहन आने वाले समय के लिए काफी भयानक स्थिति पैदा करता है। उन्होंने कहा कि पीने व सिंचाई के लिए पानी लगातार कम होता जा रहा है। इसलिए हर इन्सान को अपने दैनिक कार्यों में भी पानी की बचत करनी चाहिए। किसान धान की सीधी बिजाई करके व धान की जगह मक्का का उत्पादन कर पानी की बचत कर सकते है। फ सल अवशेषों को खेतों में न जलाऐं क्योंकि ख्ेात में आग लगाने से हमारा वातावरण दूषित होता है जिसका सीधा-सीधा प्रभाव मनुष्य के जीवन व वायुमंडल पर पड़ता है।
शिविर में कृषि विभाग से सेवानिवृत खंड कृषि अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने अपने सम्बोधन में बताया कि इस योजना के लिए किसानों को प्रोत्साहन देते हुए कहा कि योजना के तहत मक्का द्वारा धान के विविधिकरण के लिए इच्छुक किसानों को एक पोर्टल पर पंजीकरण होगा तथा किसानों को मुफ्त में मक्का का बीज उपलब्ध करवाया जायेगा । बीज के अलावा 2000/- रू0 प्रति एकड़ के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी और मक्का की फ सल का बीमा भी सरकार द्वारा वहन किया जायेगा। उन्होंने ने किसानो को मक्का व धान की सीधी बिजाई बारे तकनीकी जानकारी दी और कहा कि धान की सीधी बिजाई पर किसानों को प्रति एकड़ अनुदान भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में अनेकों योजनाएं चलाई है और किसानों को इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाना चाहिए तथा इसके साथ-साथ किसानों को कृषि मशीनीकरण पर अनुदान भी दिया है।
इस अवसर पर सहायक तकनीकी प्रबंधक सुनीता सहित उपमंडल के गांव फूंस गढ के सरपंच नाथी राम, सातडी के सरपंच विनोद कुमार, बढेडी के सरपंच रविन्द्र कुमार, सरवन माजरा के सरपंच अनिल कुमार सहित विभिन्न गांवों के पंच, सरपंच व किसान ईशम सिंह सैनी, धीरा, हरपाल सिंह आदि ने भाग लिया।
Post Now India Post Now India