करनाल 18 अगस्त: मानवता की सेवा करने के रास्ते अनेक है, रक्तदान भी इनमें से एक है। रक्तदान के माध्यम से हम किसी की जिंदगी बचाने का काम भी कर सकते हैं। यह बात करनाल नगर निगम की मेयर रेणु बाला गुप्ता ने रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में मानव केयर संस्थान द्वारा 73वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 34वें रक्तदान शिविर में बतौर मुख्यतिथि उपस्थित रक्त दाताओं को सम्बोधित करते हुए कही। सम्बोधन से पूर्व मेयर ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की।
मेयर ने कहा कि हमारे देश मेें जनसंख्या वृद्धि के साथ-साथ सड़को पर ट्रैफिक भी तेजी से बढ़ रहा है और इस ट्रैफिक के बढऩे से दुर्घटनाओ का बढऩा भी स्वभाविक है। हालांकि हरियाणा सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं, बावजूद इसके आए दिन हम सड़क दुर्घटनाओं की खबरे देखते व पढ़ते रहते हैं। कई बार दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता तुरंत रहती है, जिसकी पूर्ति केवल इस प्रकार के रक्तदान शिविरो के माध्यम से की जा सकती है। मानव केयर संस्थान रक्तदान शिविर के साथ-साथ सरकार द्वारा चलाए गए सामाजिक कार्यक्रमो जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा स्वच्छ भारत मिशन में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। इसके अतिरिकत पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में भी संस्था ने बेहतर काम किया है। मानव केयर संस्थान से प्रेरणा लेते हुए करनाल के लोगो को भी मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। मेयर ने रक्त दाताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आपने रक्त दान देकर बहुत ही पुण्य का कार्य किया है, जो हर जरूरतमंद व्यक्ति के काम आएगा। इस मौके पर उन्होंने सभी रक्त दाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर मानव केयर संस्थान के प्रधान संजय गुप्ता ने मेयर रेणु बाला गुप्ता का स्वागत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पहुंचे कल्पना चावला राजकीय मैडिकल कॉलेज से डॉ. नवदीप, रैडक्रॉस सोसाईटी से डॉ. सुनील कुमार, प्रदीप कुमार तथा 74 यूनिट रक्त एकत्रित करने के लिए सभी रक्त दाताओं का हृदय से धन्यवाद भी किया। उन्होंने इस मौके पर मानव केयर संस्थान द्वारा किए गए जनहित के कार्यों का उल्लेख किया। इस मौके पर उन्होंने नीलोखेड़ी में संस्थान की गतिविधियों को आगेे बढ़ाने के लिए सतनाम आहूजा, आर.के. धवन, प्रदीप मेहता, दर्शन शर्मा, विजय अरोड़ा तथा बबलू को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विकास तनेजा, मुकेश गर्ग, जयभगवान वर्मा, गौपाल कृष्ण अरोड़ा, राज कुमार वर्मा, अमित अरोड़ा, प्रताप सहगल, रामपाल, आशीश व साहिल मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India