करनाल 2 सितंबर , मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के किसानों के फसली ऋणों पर जुर्माना ब्याज राशि माफी करके एक बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के करीब 10 लाख किसानों के सहकारी बैंकों की 4750 करोड़ रूपये की ब्याज व जुर्माना माफी की घोषणा से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा की किसानों द्वारा चारों ओर तारीफ की जा रही है।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने अपनी जन अशीर्वाद यात्रा के दौरान भिवानी में प्रेसवार्ता के माध्यम से पत्रकारों को इस घोषणा की जानकारी दी कि प्रदेश के करीब 10 लाख किसानों को, जिन्होंने कृषि विपणन बोर्ड, प्राथमिक सहकारी बैंक, जिला केन्द्र सहकारी बैंकों तथा हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास बैंक से ऋण लिया है और वह समय पर अपना ऋण जमा नहीं करवा सके , मुख्यमंत्री ने ऐसे किसानों को जुर्माना व ब्याज माफी करके बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से किसानों को करीब 4750 करोड़ रूपये का सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा को सुनकर असंध विधानसभा क्षेत्र के गांव पोपड़ा वासी, सुल्तान सिंह, विक्रम सिंह व बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गरीब किसानों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। समय पर पैसों का लेन-देन ना करने से काफी दिक्कत आ रही थी, फसलों का ऋण भी आगे नहीं मिल रहा था। मुख्यमंत्री ने आज जो किसानों को तोहफा दिया है, उससे किसानों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है, उसको पूरा किया है।
असंध विधानसभा क्षेत्र के ही झिमरीखेड़ा वासी सोहन लाल व सतपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की किसान हितैषी घोषणा से बहुत खुशी मिली है। घर के खर्चे अधिक होने के कारण समय पर बैंकों की अदायगी ना करने पर काफी दिक्कत आ रही थी, अब मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को खत्म कर दिया, ब्याज और जुर्माना माफ करके एक बड़ी सौगात दी है। अब वह आसानी से बैंकों का मूलधन जमा करवाकर आगे का लेन-देन ठीक कर सकेंगे। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लिए कार्य किया है। उन्होंने किसानों की स्थिति को देखते हुए एक बहुत बड़ी घोषणा की है, इससे किसानों के चेहरों पर भी खुशी आएगी।
Post Now India Post Now India