हरियाणा कला परिषद् मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर अम्बाला मण्डल द्वारा समय समय पर विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से कला एवं संस्कृति का विस्तार किया जा रहा है। एक ओर जहां मैक में प्रत्येक शनिवार सांस्कृतिक संध्या सजती है और शहरवासियों को नाटक, नृत्य, गायन तथा वादन आदि कार्यक्रमों को देखने व सुनने का अवसर प्राप्त होता हैं, वहीं दूसरी ओर लोक संस्कृति को युवा वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोकगीत तथा सांग आदि कार्यक्रमों से प्रदेश की संस्कृति को बल दिया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के संयुक्त सहयोग से मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर द्वारा सोमवार से बुधवार तक तीन दिवसीय सांग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 19 अगस्त से शुरु होने वाले उत्सव में पहले दिन रोहतक के प्रदीप राय द्वारा सांग हीरामल जमाल का मंचन किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को करनाल से सांगी विष्णु पहलवान द्वारा वीर विक्रमाजीत सांग की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव का समापन कैथल के सांगी गोंविद शर्मा द्वारा सांग सेठ ताराचंद प्रस्तुत करके किया जाएगा। यह जानकारी मैक के क्षेत्रीय निदेशक नागेंद्र शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि सांग का समय प्रतिदिन सांय 6 बजे रहेगा।
Post Now India Post Now India