कैथल, 19 मार्च ( ) हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से निर्देश दिए कि लोकसभा आमचुनाव 2019 की सभी तैयारियां प्लान के अनुसार पूरी करना सुनिश्चित करें। चुनाव प्रक्रिया में सैक्टर ऑफिसर की नियुक्ति इस हिसाब से करें कि हर घंटे में वह अपने निर्धारित किए गए सैक्टर पर निरीक्षण कर सके। आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन दृढ़ता से किया जाए।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि राजनैतिक दल से संबंधित व्यक्ति सभी जिलों में निर्धारित किए गए स्थानों पर ही रैली व विज्ञापन चस्पा कर सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति बिना परमिशन के गाडि़यों पर लाउड स्पीकरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करता है तो उस गाड़ी को मौके पर ही जब्त करके आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए। पोलिंग स्टेशनों के नजदीक राजनैतिक पार्टियों के कार्यालय नही होने चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में उम्मीदवारों द्वारा चलाए जाने वाले ई-रिक्शा से लेकर सभी वाहनों के खर्चें को उनके खर्चे में जोड़ा जाए। चुनावी उम्मीदवारों को रोड शो अनुमति देते समय सभी हिदायतों के बारे में अवगत करवाएं। रोड शो के दौरान पटाखे, हुटर आदि पर पूरी तरह से प्रतिबंध हैं। स्कूल, कॉलेजों, अस्पतालों, बस स्टैंडों व अन्य भीड़ वाले जगहों पर रोड शो की अनुमति न दी जाए।
उन्होंने कहा कि जिला में गठित की गई एमसीएमसी कमेटी पेड न्यूज व सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखें। किसी भी विज्ञापन पर संबंधित अखबार के पब्लिसर का नाम अंकित जरूर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सी-विजिल एप पर कोई भी व्यक्ति आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है। इस दौरान कोई भी संदिग्ध कार्य प्रणाली नजर आए तो उसकी सूचना टोलफ्री नंबर 1950 पर भी दी जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला में विधानसभा अनुसार सैक्टर अधिकारी, जोनल मैजिस्ट्रेट, पुलिस पार्टी तथा फ्लाईंग स्कवायड नियुक्त किए गए हैं, जो लोकसभा चुनाव के दौरान जिला में कानून एवं व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है, जो प्रिंट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रही है। विशेष प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को मतदान करने तथा जिन मतदाताओं के वोट नही बने हैं, उन्हें वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लोगों को चुनाव हैल्पलाईन 1950, सी-विजिल, सुविधा एप के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, एसडीएम ईषा कंबोज व संजय कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी दीपक खुराना, डीएसपी कृष्ण कुमार, तहसीलदार चेतना चौधरी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कंचन लता, चुनाव नायब तहसीलदार राजपाल भूरा, चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह, सुदेश, राजेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India