करनाल 26 फरवरी, हरियाणा सरकार द्वारा श्रम विभाग के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया है। यह अभियान 15 फरवरी से आगामी 20 मार्च तक जारी रहेगा।
यह जानकारी उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत दिसम्बर 2016 से जुलाई 2018 की अवधि के दौरान पंजीकरण हेतु ऑनलाईन आवेदन करने वाले सभी निर्माण श्रमिक, जिनका विभाग द्वारा निर्धारित शर्ते पूरी ना होने के कारण पंजीकरण नहीं हो सका, ऐसे सभी आवेदक इस अभियान के तहत किसी भी कार्य दिवस में सैक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय की दूसरी मंजिल में स्थापित श्रम विभाग के कार्यालय में आकर अपने आवेदन पत्र से संबंधित दस्तावेज पूरे करते हुए, अपना पंजीकरण करवा सकते है।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए श्रमिक का आधार कार्ड, एक रंगीन फोटो, मोबाईल नम्बर तथा निर्माण श्रमिक के रूप में 90 दिन के कार्य करने का प्रमाण पत्र, जोकि नियोजक अथवा ठेकेदार, पंचायत सचिव, ग्राम सचिव, कानूनगों, पटवारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, श्रम निरीक्षक, सभी सरकारी विभागों, बोर्डों व निगमों के सभी उपमंडल अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता इत्यादि द्वारा सत्यापित अथवा जारी किया गया हो।
Post Now India Post Now India