कुरुक्षेत्र 28 जनवरी – उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में सीएम विंडो से सम्बन्धित नई और पुरानी महज 45 शिकायते ही लम्बित है, इन सभी शिकायतों का शीघ्र अति शीघ्र समाधान करने के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आदेश दिए है। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने सीएम विंडो सम्बन्धित अच्छा कार्य करने पर डीडीपीओ और सभी बीडीपीओ की प्रशंसा भी की है।
वे सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम विंडो, सोशल मीडिया की लम्बित शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने बीडीपीओ पिपली व पिहोवा से सम्बन्धित दो-दो, केडीबी कार्यालय की 4, जिला समाज कल्याण विभाग की 3, नगर पालिका शाहबाद की 4, एसडीएम पिहोवा की 3, तहसीलदार थानेसर की 4, जिला परिषद की 2, सीएससी, डीईटीसी, डीआरसीएस, एलडीएम से सम्बन्धित एक-एक, नगर पालिका पिहोवा व प्रदूषण विभाग से सम्बन्धित दो-दो, एसडीएम थानेसर की एक, तहसीलदार पिहोवा की 2, शाहबाद तहसीलदार की 2 सहित अन्य विभागों की लम्बित सीएम विंडो की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की और सभी का शीघ्र निपटारा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त केशनी आनंद अरोड़ा के आदेशानुसार गांव बहादुर पुरा को गोद लिया जाएगा। इसके लिए एलडीएम को गांव बहादुर पुरा को गोद लेने के लिए कहा है। इस गांव में एलडीएम की तरफ से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे यह गांव ओर अधिक विकसित हो सके। इस मौके पर एडीसी अनिश यादव, एलडीएम अनिल यादव, सीएमजीजीए निकित अग्रवाल, डीआरओ डा. चांदी राम चौधरी, डीडीपीओ कपिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बीएलओ पहुंचेंगे दिव्यांगों के घर-घर
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को आदेश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी दिव्यांगों की एक सूचि शीघ्र तैयार की जाए। इस सूचि को सभी बीएलओ को सौंपा जाएगा और सभी बीएलओ दिव्यांग जनों के घर-घर जाकर जागरुक करेंगे और जिन पात्र दिव्यांग जनों की वोट नहीं बनी, उनकी वोट बनवाने का काम करेंगे। इस कार्य को पूरी गम्भीरता के साथ करना है और समाज कल्याण अधिकारी इस सूचि को शीघ्र तैयार करना सुनिश्चित करेंगे ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
डी-प्लान की तीसरी किश्त के लिए विभाग दो दिन के अंदर दे प्रस्ताव
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि डी-प्लान के तहत तीसरी किश्त की अनुदान राशि सरकार की तरफ से भेज दी गई है। इस राशि के लिए सभी विभाग आगामी दो दिनों में अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित प्रस्ताव शीघ्र अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करे ताकि आगामी कार्रवाई की जा सके।
वर्ष 2009 के बाद की रजिस्ट्रियों को स्कैन करके अपलोड करना होगा वेबसाईट पर
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार राजस्व विभाग के सभी अधिकारी वर्ष 2009 के बाद की सभी रजिस्ट्रियों को स्कैन करके वेबसाईट पर अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारी इस कार्य को 30 जनवरी 2019 तक पूरा करना सुनिश्चित करेंगे। इस मामले में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
सोशल मीडिया की 4 शिकायतों का शीघ्र करे निपटारा
उपायुक्त ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में सोशल मीडिया पर पिहोवा नगर पालिका, शाहबाद शुगर मिल व अन्य विभागों से सम्बन्धित 4 शिकायते लम्बित है, सभी अधिकारी इन शिकायतों का निपटारा करने के उपरांत साईट को अपडेट करना सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारी इन शिकायतों को गम्भीरता से लेंगे।
लोगों की ऑनलाईन शिकायतों का निपटारा करने पर कुरुक्षेत्र पहुंचा दूसरे पायदान पर
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने अटल सेवा केन्द्रों व सरल केन्द्र के माध्यम से आनलाईन सेवाओं और शिकायतों का निपटारा करने पर सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सांझे प्रयासों से कुरुक्षेत्र को प्रदेश में दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। उन्होंने बिजली विभाग, कृषि विभाग, नगर पालिका पिहोवा, परिवहन विभाग, लेबर विभाग, हरियाणा पिछड़ा विभाग, नगर परिषद, राजस्व व हुडा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह विभाग तेजी से कार्य करे, जिससे कुरुक्षेत्र जिला पहले स्थान पर आ सकता है।
Post Now India Post Now India