करनाल 22 अगस्त, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से करनाल जिले के लोगों का आशीर्वाद लेते हुए करनाल के अग्रसैन चौंक से करीब 109 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात जिले की जनता को दी है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल प्रदेश की जनता की सेवा करना है, वो हमने की है और आगे आपके आशीर्वाद से और ऊर्जावान बनकर करेंगे।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को अग्रसैन चौंक से हजारों लोगों की उपस्थिति में करनाल जिले की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें असंध विधानसभा क्षेत्र की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जिनमें 6 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से बने बस स्टैंड के सब डिपो, असंध न्यायिक परिसर में 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनाए गए वकीलों के चैंबर तथा असंध शहर के वार्ड नं. 1 में 2 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से तालाब के फाईव पौंड का उद्घाटन शामिल है।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने इसी स्थान से घरौंडा विधानसभा क्षेत्र की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं 1 परियोजना का शिलान्यास किया जिनमें 9 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से बसताड़ा में आईटीआई का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय ज्ञानपुरा (घरौंडा) में 4 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से बनाए गए साईंस ब्लॉक, कम्बोपुरा गांव में 2 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से नगरनिगम द्वारा बनाए गए सामुदायिक केन्द्र, ऊंचा समाना गांव में करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्वागत गेट का उद्घाटन शामिल है और मुख्यमंत्री ने करीब 11 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले घरौंडा रेलवे रोड से आरयूबी तक की सडक़ के कार्य शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने अग्रसैन चौंक से ही इंद्री विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से सिंचाई विभाग द्वारा तैयार किए गए कैनाल रैस्ट हाऊस का उद्घाटन भी किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने करनाल विधानसभा क्षेत्र की दो परियोजनाओं का उद्घाटन एवं दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिनमें 9 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से काछवा गांव में सीवरेज व्यवस्था तथा काछवा महागांव में 3 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री जिला बार एसोसिएशन के अनुरोध पर जिला कोर्ट में वकीलों के लिए बनने वाले नए चैंबरों का शिलान्यास करेंगे तथा अग्रसैन चौंक पर समस्त अग्रवाल समाज द्वारा तैयार किए गए 61 फुट तिरंगे झंडे को लहराया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को ही अग्रसैन चौंक से नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में 54 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली 7 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिनमें 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से तरावड़ी का नया विश्राम गृह, 5 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से निसिंग में विश्राम गृह, 17 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से नीलोखेड़ी की सीएचसी में बैड की क्षमता बढ़ाने, 18 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से राजकीय कन्या महाविद्यालय बस्तली, 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से माजरा रोड़ान में स्टेडियम, 2 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से सीकरी गांव में स्टेडियम का निर्माण कार्य व 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से समानाबाहू में बनने वाले स्टेडियम के कार्य का शिलान्यास शामिल है।
इस मौके पर स्थानीय शहरी निकाय मंत्री कविता जैन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज, करनाल के सांसद संजय भाटिया, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप, ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, मीडिया प्रभारी अमित आर्य, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, शमशेर नैन, भाजपा नेता अशोक सुखीजा सहित भाजपा के जिला व प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व अन्य नेता मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India