करनाल 15 जुलाई, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि बेरोजगारी पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को अप्रैंटिस से जोडक़र उन्हें सक्षम बनाने और आर्थिक सहयोग करने का कार्य किया है। आज बेरोजगारी दुनिया की सबसे बड़ी समस्या है, सभी को सरकारी नौकरी नहीं दी जा सकती परंतु हुनरमंद व्यक्ति अपनी प्रतिभा के दम पर रोजगार व सम्मान प्राप्त कर सकता है। इस उद्ïदेश्य के लिए देश में प्रधानमंत्री की स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप डंडिया व कौशल विकास स्कीमें लागू हैं, जो युवाओं को आगे बढऩे के लिए प्रेरित कर रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। विधायक सोमवार को विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर बाबू मूलचंद जैन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने उपस्थित युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनका आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाया और कहा कि वह कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न स्कीमों का लाभ उठाकर देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में आईटीआई पास युवाओं के लिए अप्रैंटशिप स्कीम लागू की गई है जो युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है। 1 साल की अप्रैंटिसशिप करने के बाद युवाओं को प्रमाण पत्र दिया जाता है जिसे प्राप्त करने के बाद युवा भिन्न-भिन्न नौकरियों में प्रवेश करने के लिए पात्र बन जाते हैं। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचें और अपनी मूल संस्कृति को अपनाएं। नशे जैसे मीठे जहर से भी दूर रहें इससे युवाओं का भविष्य खराब हो जाता है। सरकार की ओर से दिए जा रहे रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक मेहनत करें।
उपायुक्त करनाल विनय प्रताप सिंह ने विश्व युवा कौशल दिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के स्टाफ को धन्यवाद देते हुए युवाओं के भविष्य की नेक कामना की और कहा कि वे कौशल विकास से जुड़ें। उन्होंने करनाल की दो प्रतिष्ठित कंपनियों मॉडर्न डेरी लिमिटेड तथा मैट्रो मोटर्स प्राईवेट लिमिटेड की ओर से डयूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग के तहत आईटीआई के साथ एमओयू साईन करने के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया। इस सिस्टम के तहत आईटीआई के विद्यार्थी को 6 महीने आईटीआई में तथा 6 महीने संबंधित उद्योग में ट्रेनिंग लेनी पड़ती है।
आईटीआई के प्राचार्य बलदेव सागवाल ने कार्यक्रम में विधायक भगवानदास कबीरपंथी, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया और आईटीआई की गतिविधियों के बारे में बताया। आईटीआई के अनुदेशक जसविन्द्र सिंह संधू ने मंच का संचालन किया।
बॉक्स: ये हुए सम्मानित
आईटीआई में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने, सरकार की अप्रैंटशिप स्कीम में एक साल का प्रशिक्षण लेकर परीक्षा में अव्वल स्थान हासिल करने वाले 6 विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें मनोज कुमार, सौरभ चौहान, सलीम, राहुल यादव, रीटा रानी, सुदेश देवी के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त निर्धारित लक्ष्य से अधिक अप्रैंटिस रखने वाले विभिन्न कंपनियों के 10 प्रतिनिधियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
बॉक्स: प्रदर्शनी का किया अवलोकन
आईटीआई स्थित कौशल विकास केन्द्र के भूतल पर एक प्रदर्शनी आयोजित की गई थी। विधायक एवं उपायुक्त ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें विद्यार्थियों द्वारा पैट्रोल, डीजल द्वारा चालित र्इंजन, कृषि यंत्र, इलैक्ट्रिकल वस्तुओं के साथ-साथ महिला आईटीआई विद्यार्थियों द्वारा तैयार वस्त्र व केश सौंदर्य के मॉडल दर्शाये गए थे।
बॉक्स: त्रिवेणी लगाकर दिया पौधारोपण का संदेश
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद विधायक एवं उपायुक्त ने आईटीआई परिसर में त्रिवेणी लगाकर पौधारोपण का संदेश दिया।
Post Now India Post Now India