कुरुक्षेत्र, 19 दिसंबर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2018 में हरियाणवी पंडाल 13 से 18 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में स्थापित किया गया। 6 दिन तक चला यह पंडाल पर्यटकों के लिए जहां एक ओर आकर्षण का केन्द्र रहा वहीं पर दूसरी ओर हरियाणा की सांस्कृतिक विधाओं को मंचयीता प्रदान कर नये आयाम स्थापित करने में कामयाब रहा। इसके साथ ही यह पंडाल वीआईपी के आकर्षण का केन्द्र भी रहा। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि पहली बार हरियाणवी रसोई विशेष रूप से पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र रही। जिसमें गुड़ का हलवा, गुड़ की चाय, चूरमा, हरियाणवी पेड़े, हरियाणवी थाली, हरियाणवी लस्सी व गोल-गोल गप्पे पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे। हरियाणवी रागनियां, हरियाणवी पॉप, आच्छी पगड़ी चौक्खी मूच्छ, पगड़ी बंधाई, सेल्फी विद हरियाणवी बीर-मर्द, पगड़ी बंधाओ, पगड़ी ले जाओ, हरियाणा के अलग-अलग नृत्य, हरियाणा की 30 से अधिक गायन शैलियों पर आधारित रागनियां, हरियाणवी लोक परिधान फैशन शो, हरियाणवी शब्दों के अर्थ बताओ-लड्डू खाओ, हरियाणवी हास्य कवि सम्मेलन, ऐसे आकर्षण रहे जो हरियाणवी पंडाल के आयोजन को सफलतम स्वरूप देने में सहायक सिद्ध हुए।
हरियाणा के शिल्पकारों ने जिनमें दरी बुणाई, बोतल में लकड़ी के डिज़ाईन, गुड्डा-गुडिय़ा बणाई, टोकरा बणाई, रथ के पहिये बनाने की परम्परा, इन्डी बनाने की परम्परा, हरियाणवी फुलकारी, फुलझड़ी बणाई, बोहिया बणाई, पीढ़ा एवं चारपाई भराई, हरियाणा में लकड़ी के हुक्के बनाने की कला, हरियाणा का सिक्कों एवं हथियारों के माध्यम से इतिहास, खेती-बाड़ी के औजारों की प्रदर्शनी, मनोज मलिक व हरपाल गाफी द्वारा आयोजित हरियाणवी चित्रकला प्रदर्शनी ने खूब भीड़ खींची जिसके माध्यम से हरियाणवी हस्त शिल्प व कला का प्रचार-प्रसार लाखों लोगों तक पहुंचा। हरियाणा सांस्कृतिक दर्शन पंडाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अंतिम दिन पहुंचकर हरियाणा सांस्कृतिक दर्शन टीम एवं कलाकारों के साथ मंच पर चित्र खिंचवाया। पंडाल की ओर से स्थानीय विधायक सुभाष सुधा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को चरखा घड़ी यादगार स्वरूप भेंट की। इससे पहले भी मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रामाशिव्यम पिल्ले वयापरे, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के राज्यपाल माननीय सत्यदेव नारायण आर्य, असम के राज्यपाल माननीय जगदीश मुखी, हरियाणा के खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा, हरियाणा के सामाजिक कल्याण विकास मंत्री कृष्ण बेदी, मॉरीशस के राजदूत जगदीश्वर गोवरधन, रोजगार विकास राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती कविता जैन, गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज, शरणानन्द महाराज, गुजरात के शिक्षा मंत्री श्री भूपेन्द्र सिन्हे, लाडवा के विधायक पवन सैनी, स्थानीय विधायक सुभाष सुधा सहित अनेक महान हस्तियों ने हरियाणा सांस्कृतिक दर्शन पंडाल का अवलोकन कर इसकी शोभा को बढ़ाया।
पंडाल में विशेष रूप से ग्रामीण बुजुर्ग और महिलाएं ठेठ हरियाणवी ठाठ को देखकर गद्गद् होते रहे और सुबह से लेकर शाम तक पंडाल में भीड़ का आलम बना रहा। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन समिति के सदस्य डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि उनका उद्देश्य हरियाणवी संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना था, जिसमें हरियाणा सांस्कृतिक दर्शन टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हरियाणवी संस्कृति को लाखों लोगों तक पहुंचाया।
Post Now India Post Now India