कुरुक्षेत्र. आज सवेरे नववर्ष में 183वीं साइकिल चलाओ पर्यावरण बचाओ जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली का शुभारम्भ योग शिक्षिका एवं अध्यापिका राज पंवार ने किया. उन्होंने कहा कि वे प्रयास करेंगी कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों और लोगों को साइकिल की उपयोगिता के बारे बताकर उन्हें जागरूक करें. पर्यावरण प्रहरी एवं डायमंड रक्तदाता डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने सभी सहभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा पर्यावरण दिन प्रतिदिन बिगड़ रहा है और इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है. यदि इसी प्रकार पर्यावरण बिगड़ता गया तो आने वाली पीढ़ियों को ऑक्सीजन के सिलैंडर साथ लेकर चलना पडेगा. आज एक गाडी में केवल एक ही व्यक्ति सफर करता हुआ मिलेगा. इस प्रवृति को बदलने की बहुत आवश्यकता है. मंगलवार नो कार की योजना भी असफल हो रही है क्योंकि लोग साइकिल चलाना पसंद नहीं करते और साइकिल की सवारी को अपनाने में हीन भावना अनुभव करते हैं. पर्यावरण प्रहरी दुष्यंत बक्शी ने कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण अभियान में जुडी प्रेरणा समिति हरियाणा के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और साइकिल की सवारी को अपनाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे. 31 बार से अधिक बार रक्तदान कर चुके प्रदीप गर्ग ने आज अपने जन्मदिन पर साइकिल की सवारी को अपनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि वह न केवल स्वयं अपने दैनिक जीवन के छोटे छोटे कार्य साइकिल की सवारी से करेगा अपितु अन्य लोगों को भी जागरूक करेगा. इस रैली में पर्यावरण प्रहरी दुष्यंत बक्शी, प्रदीप गर्ग, श्रवण, सुरेश सैनी और योगशिक्षिका राज पंवार ने भाग लिया.
Post Now India Post Now India