कैथल, 9 अप्रैल: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री राजीव रंजन ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव की वीडियों कांफ्रैंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान हर लोकेशन पर एक माईक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति रहेगी। इस लोकसभा चुनाव में जिन तीन जिलों में मतदान प्रतिशत सबसे अधिक रहेगा, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि सभी सैक्टर मैजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पैट्रोलिंग शुरू कर दें और आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना दृढ़ता से करें। सैक्टर मैजिस्ट्रेट के साथ-साथ सैक्टर ऑफिसर को भी ईवीएम तथा वीवीपैट के संचालन के बारे में अच्छी तरह ज्ञान होना चाहिए। किसी भी सरकारी परिसर में राजनैतिक पोस्टर अथवा बैनर इत्यादि नही लगाए जा सकते। राजनैतिक दलों को रैली अथवा जनसभा आयोजित करने की अनुमति देने में यह शर्त अवश्य लगाई जाए कि रैली के बाद उस स्थान से पोस्टर, बैनर, होर्डिंग आदि प्रचार सामग्री को संबंधित राजनीतिक दल द्वारा हटा लिया जाएगा। चुनाव हिदायतों के अनुसार यदि किसी राजनैतिक पार्टी का स्टार कम्पेनर चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो संबंधित पार्टी को नोटिस जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। सी-विजिल पर आने वाली सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध होना चाहिए। नए मतदाता के मत बनाने के कार्य में पूरी सावधानी करते हुए इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। स्वीप की गतिविधियों के तहत मतदाताओं को अधिक से अधिक मत डालने के लिए प्रेरित किया जाए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल आदि स्थानों पर लोगों को जागरूक करने के लिए फ्लैक्स चस्पा करें। चुनाव प्रक्रिया में सैक्टर ऑफिसर की गाडि़यों पर जीपीएस लगाए जाएंगे, ताकि उनकी सही लोकेशन ट्रैक होती रहे। मतदान के दिन महिला व दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर मत डालने दिया जाए। सैक्टर आफिसर मतदान प्रक्रिया को जल्दी से संपन्न करवाने में भी मदद करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने बताया कि जिला में चुनाव संबंधित सभी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। नए मतदाताओं के मत बनाने का कार्य 12 अप्रैल तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सी-विजिल पर आने वाली सभी शिकायतों का निपटान समयबद्ध किया जा रहा है। आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना दृढ़ता से की जा रही है। स्वीप गतिविधियों के तहत जिला में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उपायुक्त ने सभी जिला वासियों से अपील की कि सभी मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में चैक कर लें, क्योंकि अभी भी नई वोट बनाने का कार्य चल रहा है। घर बैठे भी 1950 टोलफ्री नंबर पर मत से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश ईषा कंबोज, संजय कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जगदीप सिंह, डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, चुनाव तहसीलदार हीरा लाल, शमशेर सिंह, सुदेश, राजेंद्र के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India