कैथल, 16 अप्रैल: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2019 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जोकि आगामी 23 अप्रैल तक चलेगी। इस बार चुनाव में मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी यानि स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। सभी बूथों की लोेकेशन पर माईक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति करके उन्हें ट्रेनिंग दिलवाई जाए।
श्री राजीव रंजन मंगलवार को वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से लोकसभा आम चुनाव 2019 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सैक्टर व जोनल अधिकारियों को विशेष रूप से ट्रेनिंग देकर उन्हें ईवीएम के संचालन व पूरी चुनावी प्रक्रिया के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष व शांति पूर्वक संपन्न हो सके। ट्रेनिंग के दौरान पीठासीन अधिकारियों को चुनाव से संबंधित व्यवहारिक ज्ञान दिया जाए। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए वोलिंटियर्स नियुक्त किए जाए, ताकि दिव्यांग मतदाताओं को वोट करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नही हो। चुनाव के दौरान सभी बूथों पर पेयजल, शौचायलय, बिजली व अन्य मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। महिला व दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर मत डालने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर वोटर स्लीप वितरित करने का कार्य करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं के घर पर बीएलओ के साथ वोलिंटियर्स भी जाए, ताकि उन्हें दिव्यांग मतदाताओं के बारे पूरी जानकारी प्राप्त हो सके। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मतदाताओं को स्वीप की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मत डालने के लिए प्रेरित किया जाए। जिला में विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आम जन को मत डालने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन जगहों पर लोग प्रात: व सायं कालीन समय में सैर के लिए आते हैं, उन स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित करके लोकतंत्र के इस महापर्व में मत डालने के लिए उन्हें जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर पहुंचने वाले गैस सिलैंडरों पर वोट करने की अपील को प्रदर्शित करने वाले स्टीकर लगाए जाएं, ताकि घरेलू महिलाएं भी मत डालने के लिए जागरूक हो सकें।
वीडियो कांफ्रैंस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि सभी सैक्टर व जोनल अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। पीठासीन अधिकारियों व चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष संपन्न करने की प्रेरणा देने के लिए न्यूटन फिल्म भी दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि जिला के चारों विधानसभा क्षेत्र में एक पिंक बूथ, एक पीडब्ल्यूडी (पर्सन विद डिसेब्लिटी) बूथ तथा एक मॉडर्न बूथ स्थापित किया जाएगा। दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए वोलिंटियर्स का चयन कर लिया गया है। हर लोकेशन पर एक-एक माईक्रो आर्ब्जवर की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वीप के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है। इसके साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों तथा कॉमन सर्विस सैंटरों में महिला मतदाताओं को लोकतंत्र की मेहंदी अभियान के तहत जागरूक किया जा रहा है। विशेष प्रचार अभियान द्वारा गांव-गांव जाकर मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश ईशा कंबोज व संजय कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश जगदीप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, डीआईओ दीपक खुराना, चुनाव तहसीलदार हीरा लाल, चुनाव कानूनगो शमशेर, सुदेश, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India