कैथल, 22 मई: कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना का कार्य करने वाले मतगणना सुपरवाईजर, काउंटिंग सहायक तथा माईक्रो आब्जर्वर का रैंडोमाईजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, मतगणना पर्यवेक्षक सुशीला तथा रिंकी जैयसवाल की उपस्थिति में किया गया।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि मतगणना कार्य में लगाए गए सभी मतगणना सुपरवाईजर, काउंटिंग सहायक तथा माईक्रो आब्जर्वर का रैंडोमाईजेशन प्रक्रिया से डयूटियों का आबंटन किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रानुसार मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां 14 टेबल लगाई जाएंगी, जिस पर एक टीम में 3 सदस्य होंगे। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र के लिए 6 टीमें आरक्षित रखी गई हैं। रैंडोमाईजेशन प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एनआईसी द्वारा तैयार काउंटिंग डयूटी मैनेजमेंट सिस्टम से की गई है। रैंडोमाईजेशन के बाद इन आंकड़ों को लॉक कर दिया गया। मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था की गई है। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्रों पर नही जाने दिया जाएगा। मतगणना का कार्य करने वाले कोई भी व्यक्ति अपने साथ मोबाईल फोन, इलैक्ट्रोनिक डिवाईस आदि अंदर नही ले जा सकता।
उपायुक्त ने बताया कि कैथल विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आरकेएसडी कॉलेज के हॉल, कलायत विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आरकेएसडी स्कूल के हॉल, पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आईजी कॉलेज के कॉमन कक्ष तथा गुहला विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना ऑडिटोरियम हॉल में की जाएगी। इसके साथ-साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रानुसार 5-5 वीवीपैट मशीनों की गणना की जाएगी। इन सभी मशीनों का चयन रैंडोमाईजेशन प्रक्रिया से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मीडिया के लिए आरकेएसडी के ईवनिंग ब्लाक तथा आईजी पब्लिक स्कूल के ब्लाक बी में मीडिया रूम स्थापित किया गया है, जहां पर हर राउंड की रिपोर्ट पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर कैथल विधानसभा क्षेत्र की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधीश ईशा कंबोज, गुहला विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधीश महेंद्र पाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश प्रदीप अहलावत, कलायत विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, कार्यकारी अभियंता आशीष गुप्ता, डीआईओ दीपक खुराना के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव आयोग की वैबसाईट पर कर सकते हैं परिणाम प्राप्त
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने बताया कि आम जनता व राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं को मतगणना क्षेत्र के आसपास भीड़ करने की जरूरत नही है, बल्कि घर बैठे ही वह परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें चुनाव आयोग की वैबसाईट 222.ह्म्द्गह्यह्वद्यह्ल.द्गष्द्ब.द्दश1.द्बठ्ठ पर जाना होगा। इसके अतिरिक्त वोटर हैल्पलाईन एप पर भी यह सुविधा उपलब्ध होगी।
विभिन्न चरणों में होगी मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि कैथल व कलायत विधानसभा क्षेत्रों की गणना 15 राउंड तथा पूंडरी व गुहला विधानसभा क्षेत्रों की गणना 14 राउंड में की जाएगी। इसके लिए संबंधित केंद्रों पर 14 टेबल लगाई जाएगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मीडिया कर्मी, अधिकारी व कर्मचारी कर सकते हैं इन रास्तों से प्रवेश
आरकेएसडी कॉलेज व स्कूल में बनाए गए कैथल व कलायत विधानसभा क्षेत्रों में डयूटी करने वाले अधिकारी व कर्मचारी आरकेएसडी फार्मेसी ब्लाक के गेट नंबर 3 से प्रवेश कर सकते हैं। मीडिया सैंटर में जाने के लिए भी मीडिया कर्मी इसी गेट से प्रवेश कर सकते हैं। वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था आरकेएसडी पब्लिक स्कूल के मैदान में की गई है। इसी प्रकार आईजी कॉलेज में पूंडरी व गुहला विधानसभा क्षेत्रों में डयूटी करने वाले अधिकारी व कर्मचारी ढांड रोड से आईजी पब्लिक स्कूल के गेट से प्रवेश कर सकते हैं। आईजी पब्लिक स्कूल में बनाए गए मीडिया सैंटर में जाने के लिए मीडिया कर्मी भी इसी गेट से प्रवेश कर सकते हैं।
Post Now India Post Now India