कुरुक्षेत्र 22 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीक से सम्पन्न करवाने के लिए अग्रसैन पब्लिक स्कूल सैक्टर-13 में मतगणना केन्द्रों पर थ्रीटायर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने मतगणना केन्द्रों में सभी तैयारिया पूरी कर ली है। केन्द्रों पर मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से शुरु हो जाएगा। मतगणना केन्द्रों में अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश करने दिया जाएगा। इतना ही नहीं मतगणना के कार्य के लिए 240 से ज्यादा अधिकारियों व कर्मचारियों की डयूटी भी लगाई गई है।
वे बुधवार को अग्रसैन स्कूल सेक्टर 13 में बने मतगणना केन्द्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सम्बोधित कर रहें थे। इससे पहले सामान्य पर्यवेक्षक ने सभी अधिकारियों को लोकसभा चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण और सुचारु रुप से सम्पन्न करवाने के लिए अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जिला निर्वाचन अधिकारी से तैयारियों को लेकर फीडबैक रिपोर्ट हासिल की। इसके उपरांत लाडवा के एआरओ एडीसी पार्थ गुप्ता, थानेसर विस क्षेत्र के एआरओ एसडीएम अश्विनी मलिक, पिहोवा के एआरओ एसडीएम निर्मल नागर व शाहबाद के एआरओ एसडीएम संयम गर्ग ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए अधिकारियों की डयूटियां लगाकर कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी टीम भावना के साथ मतगणना का कार्य पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाएं। मतगणना केन्द्रों पर केन्द्रीय पर्यवेक्षकों की नजर रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक मतगणना टेबल पर माईक्रों आब्जर्वर की नियुक्ति की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन खंड के मतगणना केन्द्रों में 14 मतगणना टेबल व एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी की टेबल लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी ईमानदारी के साथ अपनी डयूटी का निर्वाह करे। जो भी व्यक्ति चुनाव आयोग की हिदायतों की उल्लघंना करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना केन्द्र पर मीडिया सेंटर भी बनाया गया है। इस मीडिया सेंटर में इंटरनेट के साथ तमाम जरुरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। इस मीडिया सेंटर से पल-पल की रिपोर्ट आमजन तक पहुंच पाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए अधिकारियों की डयूटियां लगा दी गई है।
किस विधानसभा में कितने मतों की होगी गणना
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2019 में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कुल पंजीकृत वोटों की संख्या 16 लाख 51 हजार 648 में से 12 लाख 27 हजार 518 लोगों ने अपने वोट डाले। लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 42 हजार 424 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 25 हजार 870, थानेसर विस क्षेत्र मेें 1 लाख 30 हजार 374 ने, पिहोवा विस क्षेत्र में 1 लाख 24 हजार 868, रादौर में 1 लाख 49 हजार 871, गुहला में 1 लाख 30 हजार 810, कलायत में 1 लाख 46 हजार 66, कैथल में 1 लाख 50 हजार 151, पूंडरी में 1 लाख 27 हजार 82 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया।
टेबल पर ही रहेंगे काऊंटिंग एजेंट
चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार काऊंटिंग एजेंट को अपने निर्धारित टेबल पर ही बैठकर मतगणना की रिपोर्ट नोट करनी होगी। काऊंटिंग एजेंट को एक-दूसरी टेबल पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
कैमरे की रहेंगी पैनी निगाहें
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि मतगणना केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। मतगणना के दौरान सभी प्रकार की गतिविधियों पर कैमरे की निगाहें रहेंगी।
Post Now India Post Now India