कैथल, 6 मई: कुरुक्षेत्र लोकसभा चुनाव के तहत कैथल विधानसभा क्षेत्र की मतदान पार्टियों की जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी की अध्यक्षता में पायलट रिहर्सल करवाई गई, जिसमें सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधीश ईशा कम्बोज ने मतदान पार्टियों को आगामी 12 मई को होने वाले लोकसभा आम चुनाव के मतदान हेतू आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधीश ईशा कम्बोज ने आरकेएसडी कॉलेज के मैदान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी मतदान पार्टियों के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि वे लोकसभा आम चुनाव को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न करवाने हेतू भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध करवाई गई हैंड बुक को ध्यान पूर्वक पढें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए हर मतदान केंद्र पर एक कंट्रोल यूनिट, एक वीवीपैट तथा दो-दो बैलेट यूनिट प्रयोग में लाई जाएंगी। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में 24 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सेक्टर अधिकारियों को कहा कि वे आयोग द्वारा जारी सभी एप डाउनलोड करें तथा चुनाव के दौरान सही जानकारी अपलोड करें। चुनाव डियूटी में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए चुनाव डियूटी सर्टिफिकेट / पोस्टल बैलेट हेतू शीघ्र आवेदन करें ताकि वे भी अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र को सुदृढ करने में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकें। उन्होंने स्पष्टï किया कि मतदान के दौरान मतदान केंद्र में हर राजनीतिक पार्टी का केवल एक एजैंट ही अंदर रह सकता है तथा दोपहर बाद 3 बजे के बाद किसी भी एजैंट को मतदान केंद्र से बाहर निकलने अथवा प्रवेश ही अनुमती नहीं होगी। कोई भी राजनीतिक एजैंट जन संचार उपकरण लेकर मतदान केंद्र में नही जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि 11 मई को मतदान पार्टियों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। सभी मतदान पार्टियां यह सुनिश्चित करें कि वीवीपैट मशीनों को मतदान केंद्रों तक लाने ले जाने के दौरान इन्हें ट्रांजिट मोड पर रखें। उन्होंने कहा कि 12 मई को सुबह 6 बजे राजनीतिक पार्टियों के एजैंटों की उपस्थिति में मॉक पोल करवाएं तथा इसकी पूर्ण रिपोर्ट तैयार करें। मॉक पोल के दौरान कम से कम 50 मत डलवाए जाएं तथा वीवीपैट की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मॉक पोल के बाद ठीक 7 बजे मतदान शुरू करवाएं। मतदान के दौरान मतदाता सूचियों में मतदाता का नाम मिलान करने के बाद ही उनका मत डलवाएं। पहचान पत्र के रूप में मतदाता को आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र अथवा अन्य 11 दस्तावेजों में से एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। मतदान के दौरान हर दो घंटे बाद मतदान प्रतिशत के सही आंकड़ों की जानकारी भी उपलब्ध करवानी होगी। मतदान सायं 6 बजे तक होगा तथा 6 बजे मतदान केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। यदि मतदान केंद्र में सायं 6 बजे कुछ मतदाता पंक्ति में खड़े हैं तो उन्हें पीछे से शुरू करके टोकन जारी करना होगा तथा सभी मतदान सुनिश्चित करवाना होगा। चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह ने इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन तथा वीवीपैट से चुनाव की प्रक्रिया का डैमो भी दिखाया।
इस अवसर पर कलायत के उपमंडलाधीश अंनिल नागर, एईआरओ तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित चौधरी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही, दलीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रतिराम शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप शर्मा सहित विधानसभा क्षेत्र के सैक्टर अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India