राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (निट) कुरूक्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग ( सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) के सहयोग से ग्लोबल आईटी चैलेंज 2019 के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 26 जुलाई तक किया जाएगा, जिसमें 13 से 21 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग युवा भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के अनेक हिस्सों से 160 के करीब प्रतिभागी विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को चार श्रेणियों में बांटा गया है जिसके अंतर्गत दृश्य हानि, बौद्धिक हानि, शारीरिक हानि और सुनवाई हानि चार श्रेणियाँ होगी जिनमें प्रतिभागी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे। प्रत्येक श्रेणी से विजेता प्रतिभागी को ग्लोबल आईटी चैलेंज 2019 प्रतियोगिता में भाग लेकर भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जो कि इस वर्ष बुसान, दक्षिण कोरिया में 25 से 29 नवम्बर 2019 के दौरान आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस वैश्विक प्रतिस्पर्धा का आधार मुख्य रूप से ‘पुनर्वास अंतर्राष्ट्रीय कोरिया’ द्वारा किया गया था।
साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व तीन वर्षो में आयोजित हुई राष्ट्रीय आईटी प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने चीन, वियतनाम और भारत में आयोजित वैश्विक आईटी प्रतिस्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में अनेक पुरस्कार प्राप्त किए। संस्थान के प्रोफेसर इंचार्ज लोक सम्पर्क प्रो. आर.पी. चौहान ने बताया कि संस्थान में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का यह चौथा आयोजन होगा क्योंकि वर्ष 2016 से हर वर्ष इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन संस्थान में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्लोबल आईटी चैलेंज 2019 के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागियों का चुनाव करना है।
Post Now India Post Now India