कैथल, 16 सितंबर: भारत निर्वाचन आयोग के निदेशक धीरेंद्र ओझा ने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। सभी जिला में मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी का गठन करके पेड न्यूज तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए। उम्मीदवारों द्वारा विज्ञापन के लिए किए गए खर्च को उनके खाते में जोड़ा जाए।
निदेशक धीरेंद्र ओझा वीडियो कांफ्रैसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों व एमसीएमसी के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी पेड न्यूज पर विशेष निगरानी रखे तथा पेड न्यूज पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। चुनाव के दौरान अगर कोई अखबार या चैनल का मालिक चुनाव लड़ रहा है और वह अपने संबंधित अखबार व चैनल में विज्ञापन देता है तो उसका खर्चा डीएवीपी रेट के हिसाब से जोड़ा जाएगा। पेड न्यूज का केस आने पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मीदवार को नोटिस जारी करेंगे। पम्फलेट पर मुद्रक, प्रकाशक तथा छापी गई प्रतियों की संख्या होनी जरूरी है, ताकि खर्चे का आंकलन किया जा सके। सभी जिलों में मीडिया सैंटर का गठन किया जाए, जहां से 24 घंटे न्यूज चैनलों व सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया व अन्य संचार साधनों से संबंधित शिकायत आने पर उस पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उम्मीदवार द्वारा दी गई सोशल मीडिया अकाउंट पर निगरानी रखकर किए जाने वाले खर्च को भी संबंधित व्यक्ति के खर्चे में जोड़ा जाए। सभी कमेटियां किए जाने वाले कार्यों की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग में पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि मीडिया सर्टिफिकेशन एडं मोनिटरिंग कमेटी का गठन किया जा चुका है तथा इसके साथ-साथ सोशल मीडिया टै्रकिंग टीम भी बनाई जा चुकी है। चुनाव के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता का दृढ़ता से पालन किया जाएगा। जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी के कार्यालय में मीडिया सैंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से विभिन्न चैनलों, समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निगरानी रखी जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, उपमंडलाधीश जगदीप सिंह, शशि वंसुधरा, तहसीलदार चेतना चौधरी, मान सिंह, सुदेश, राजेंद्र कुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India