करनाल। नगर निगम और इसके अधीन कर्मचारियों की टीमे स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 की तैयारी को लेकर पूरी तरह से जुट गए हैं। मास दिसम्बर में इसके तहत शहर में नागरिकों को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियां रहेंगी। नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने गुरूवार को बताया कि वैसे तो स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर तैयारियां पिछले 8 महीनो से जारी हैं, लेकिन चालू मास का समय बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि अगले माह जनवरी में राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रतिस्पर्धा होनी है।

उन्होंने बताया कि तृतीय लीग (अक्तूबर से दिसम्बर)को प्रोमोट करने के लिए गुरूवार से जागरूकता कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। नगर निगम की टीम ने सक्षम युवाओं को साथ लेकर एक जागरूकता रैली निकाली, जो विकास सदन से प्रारम्भ होकर घण्टा घर चौक पर समाप्त हुई। टीम में शामिल करीब 70 कार्यकर्ताओं ने बैनर और स्लोगन से शहर के लोगो को गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखने का संदेश दिया।
निगम आयुक्त ने शहर के तमाम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अभियान की सफलता नागरिकों की सहभागिता के बिना नहीं हो सकती। नागरिक अपने शहर को स्वच्छता के मामले में इस बार टॉप पर रखेंगे, ऐसी उम्मीद है। गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। स्वच्छ सर्वेक्षण की केन्द्रीय टीम इस चीज को आकर देखेगी। यदि उन्हें सही पाया तो इसके अच्छे मिलेंगे।
Post Now India Post Now India