करनाल 11 दिसम्बर। काछवा रोड़ राम नगर से शहर के बीचो-बीच होकर एनएच-44 तक जाने वाले सबसे पुराने नाले की सफाई को लेकर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने कुछ दिन पहले सम्बंधित अधिकारियों को जो निर्देश दिए थे, उसकी अनुपालना में क्या काम हो रहा है, इसे देखने के लिए बुधवार को नाले की कैथल पुल के नीचे आयुक्त ने साईट का दौरा किया। 
उन्होंने इस जगह के डिस्पोजल प्वाईंट को भी देखा। मौके पर ठेकेदार के आदमी काम करते पाए गए, बकेट टाईप मशीन भी अपना कार्य कर रही थी। बता दें कि इस नाले की सफाई को लेकर नागरिकों और कुछ पार्षदो की ओर से आयुक्त को शिकायत की गई थी। काबिले गौर है कि नाले की सफाई के लिए पूर्व में जो टैण्डर लगाया गया था, वह आगामी फरवरी तक है। टैण्डर में प्रावधान किया गया था कि बरसाती सीजन से पहले इसकी मुकम्मल सफाई की जानी है, जो ठेकेदार की ओर से बकेट मशीने लगाकर की गई थी। दूसरी ओर नाले में गंदे पानी के साथ मिट्टी और दूसरे अपशिष्ट बहकर गाद या कीचड़ में परिवर्तित हो जाते हैं, जो गंदे पानी को उपयुक्त तरीके से प्रवाहित होने में अवरोधक बनते हैं। निगम आयुक्त चाहते हैं कि इसकी नियमित सफाई हो, इसके लिए आगामी टैण्डर में निगम नए प्रावधान जोड़ेगा, जिससे भविष्य में नाले की सफाई स्थाई रूप से सम्भव बन सकेगी। आज के अपने दौरे में आयुक्त ने कैथल पुल के नीचे ही रैन बसेरा को भी चैक किया। इस दौरान साफ-सफाई, शौचालय, किचन के निरीक्षण में कुछ खामियां पाई गई, जिन्हे दुरूस्त करने के लिए मौके पर ही नगरीय परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए गए। इस मौके पर उन्होने रैन बसेरा में आने वाले व्यक्तियों का रजिस्टर भी चैक किया व केयर टेकर को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नही होगी। उन्होंने चेतावनी देकर कहा कि वे दोबारा रैन बसेरा का औचक निरीक्षण करेंगे।

Post Now India Post Now India