करनाल 2 जनवरी। इन्द्री जल सेवाएं मण्डल द्वारा बाढ़ से बचाव के लिए 11 करोड़ रूपये का एजेंडा तैयार कर लिया गया है। प्रस्तावित राशि से यमुना के साथ लगते 9 कॉम्पलैक्स पर पुराने स्टोन स्टड व रिवेटमेंट यानि सहारे की दीवार की मरम्मत किए जाने के साथ-साथ कुछ नए स्टड भी बनाए जाएंगे। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर सभी जगहों का दौरा किया और किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। मिली जानकरी के अनुसार वे जल्द ही सरकार से स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू होंगे, जो आगामी मानसून सीजन से पहले मुकम्मल किए जाएंगे। उपायुक्त ने सबसे पहले कलसौरा कॉम्पलैक्स पर जाकर वहां सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए स्टड व रिवेटमेंट के कार्य देखे और एकत्रित ग्रामीणों से भी मिले। कलसौरा कॉम्पलैक्स पर यमुना के पानी से क्षतिग्रस्त हो चुके तीन स्टोन स्टड की मरम्मत की जानी है और 840 फुट पत्थरों से रिवेटमेंट यानि सहारे की दीवार बनाई जानी है। इन कार्यों पर अनुमानित अढ़ाई करोड़ रूपये की राशि खर्च होगी। इसके पश्चात उन्होंने डबकोली कलां कॉम्पलैक्स का दौरा किया। इस जगह पर स्थित एक नाले पर कॉज़-वे यानि सेतू का निर्माण किया जाना है, ताकि बाढ़ की स्थिति में नाले के दोनो ओर ग्रामीणो की आवाजाही हो सके। उपायुक्त ने इसके पश्चात शेरगढ़ टापू कॉम्पलैक्स का दौरा किया। यहां 9 नए स्टोन स्टड (पत्थर की ठोकरेें) बनाई जानी हैं, सिंचाई विभाग द्वारा इस कार्य पर खर्च के लिए 2 करोड़ 63 लाख रूपये का अनुमान तैयार किया गया है।

Post Now India Post Now India