करनाल 30 जनवरी, सरकार द्वारा करनाल शहर में बरसाती पानी की समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए पूरे शहर की सीवरेज व्यवस्था दुरूस्त की जा रही है। इसले अलावा मुगल कैनाल के विस्तारीकरण का कार्य प्रगति पर है, शीघ्र ही इसे पूरा कर लिया जाएगा और जहां पर मुगल कैनाल में गंदे पानी का ठहराव है, उसके लिए गंजोगढ़ी गांव के पास ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। शहर को जोडऩे वाली सभी सड़कों का सुधारीकरण व विस्तारीकरण किया जा रहा है। साथ ही हाई-वे की सभी सड़कों पर काम चल रहा है,जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा। यह जानकारी ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने भेंटवार्ता के दौरान दी। जब उनसे करनाल शहर के विकास की चर्चा की गई तो उनका कहना था कि आज से साढे 4 साल पहले के समय में करनाल की स्थिति पर नजर दौड़ाईए और वर्तमान समय से तुलना करके देखिए कि अब करनाल में कितना बदलाव हुआ है। यों कहिए की पिछले साढे 4 वर्षो में करनाल में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। विकास के मामले में करनाल की जो तस्वीर बदली है, यह सब मुख्यमंत्री मनोहर लाल की देन है।
उन्होने कहा कि पहले करनाल शहर की सड़को पर थोड़ी सी बारिश का पानी भी लोगो के लिए जी का जंजाल बन जाता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने बरसाती पानी की निकासी का एक स्थाई समाधान करके लोगो की वर्षो पुरानी मांग को पूरा करके दिखाया है। उन्होने कहा कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में मशीनों की काफी कमी थी, उसको पूरा कर दिया गया है। अब इस क्षेत्र के लोगों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा की दिक्कत नहीं होगी, इसके लिए और भी आगे बढ़ते हुए कुटेल गांव में पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मेडिकल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है और इस पर भवन निर्माण का कार्य जोरों से चल रहा है। अगले वर्ष इस विश्वविद्यालय में कुछ कोर्सो के लिए कक्षाएं लगनी आरम्भ हो जाएगी। ओएसडी ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के लिए जीटी रोड़ से रास्ता लिया गया है ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत ना हो, जल्दी ही इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी किया जाएगा।
ओएसडी ने कहा कि पहले की सरकारों में प्रदेश में बिजली के लिए हाहाकार मचती थी, अब ऐसा नहीं है। जगमग योजना के तहत अधिक्तर गांव में 24 घंटे बिजली मिल रही है। लोग चाहे तो वह जगमग योजना के तहत 18 से 24 घंटे बिजली प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल भरने की समस्या को लेकर काफी दिक्कत थी, इसके लिए सरकार द्वारा 2005 से पहले के सभी बिल माफ किये है और आगे के बकाया बिलों को भरने के लिए 12 किश्त बनाई गई है, बीपीएल परिवारों के लिए भी बिल भरने के लिए सुविधाजनक नियम बनाए गए है, उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। बिजली निगम द्वारा सभी उपभोक्ताओं को बिजली कनैक्शन दिए जा रहे हैं।
Post Now India Post Now India