Breaking News
Home / Uncategorized / धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे स्वच्छता शक्ति 2019 कार्यक्रम का आगाज:फुलिया

धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे स्वच्छता शक्ति 2019 कार्यक्रम का आगाज:फुलिया

कुरुक्षेत्र 29 जनवरी उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वच्छता शक्ति 2019 का आगाज करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र में आएंगे और देशभर से आने वाली करीब 15 हजार महिलाओं के साथ-साथ देश वासियों को देश व प्रदेश को स्वच्छ बनाने का संदेश देंगे।
वे मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में प्रधानमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र में पहुंचेंगे। इस दौरान स्वच्छता शक्ति कार्यक्रम 2019 की शुरुआत करेंगे और इस कार्यक्रम में देशभर के स्वच्छता चैम्पियनों को सम्मानित करेंगे। इतना ही नहीं स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों, सेलिब्र्रेटी को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का मुख्य फोकस स्वच्छता पर ही होगा। इसके अलावा सौभाग्य योजना, उज्जवला योजना के साथ-साथ तमाम महत्वपूर्ण योजनाओं को भी प्रदर्शनी में दिखाया जाएगा। इस प्रदर्शनी के दौरान 6 स्वच्छता रथ भी सजाए जाएंगे और एक विशाल कोलॉज भी बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में 5 हजार महिलाएं देश के विभिन्न राज्यों और 10 हजार महिलाएं हरियाणा से पहुंचेंगी।
उन्होंने कहा कि 11 व 12 फरवरी को होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर शुरु कर दी गई है। इस कार्यक्रम में 11 फरवरी को देश के विभिन्न राज्यों से महिलाएं और गणमान्य लोग पहुंचेंगे। उनके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन मेहमानों को कुरुक्षेत्र के तीर्थ और पर्यटन स्थलों का भी अवलोकन करवाने का प्रयास किया जाएगा। इन तमाम कार्यक्रमों को लेकर आलाधिकारी भी युद्घस्तर पर तैयारियां कर रहे है। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री तिरुपति बालाजी मंदिर के साथ मेला क्षेत्र में किया जाएगा और इसी स्थल पर प्रदर्शनी भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को मेला क्षेत्र के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था, जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पीने के पानी और शौचालयों की व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सडक़ो को दुरुस्त करने और मंच तैयार करने, जिला विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को ठहरने की व्यवस्था करने, पुलिस प्रशासन को कानून व्यवस्था के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग के स्तर पर समय रहते तैयारियां करने के आदेश दिए है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी तैयारियों की रिपोर्ट निरंतर प्रशासन को देंगे तथा सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ काम करना सुनिश्चित करेंगे। जिस भी अधिकारी की डयूटी लगाई जाएगी वह अधिकारी पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपनी डयूटी का निर्वाह करेगा। इस मौके पर एडीसी अनिश यादव, एसडीएम थानेसर अनिल यादव, एसडीएम पिहोवा निर्मल नागर, डीआरओ डा. चांदी राम चौधरी, डीडीपीओ कपिल शर्मा, एआईपीआरओ बलराम शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

About postnow

Check Also

सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह

कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *