कैथल, 8 अप्रैल ( ) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का बहुत की महत्वपूर्ण कार्य होता है, जिसका सभी बीएलओ निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। मतदाताओं के घर-घर जाकर वोटर स्लिप के साथ प्रत्येक परिवार को वोटर गाईड देना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ-साथ सभी मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।
डॉ. प्रियंका सोनी सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में कैथल विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि लोकसभा आम चुनाव देश का त्योहार है। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित चुनाव संबंधी तैयारियों को मुकम्मल रखेंगे। बीएलओ अपने क्षेत्र में रहने वाले दिव्यांग जनों को चिन्हित करेंगे। जिन दिव्यांगों की वोट अभी तक नहीं बने हैं, उन सभी की वोट 12 अप्रैल तक बनवाना सुनिश्चित करेंगे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने के कार्य में पूरी सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहा था, उन सभी बूथ के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित करें। सभी बीएलओ चुनावी प्रक्रिया में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाते हुए हर तरह का सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि मतदान के समय दिव्यांग मतदाताओं तथा महिला मतदाताओं को वोट डालने में पूरी मदद की जाए। बीएलओ समाज में सामंजस्य स्थापित करके लोगों को मतदान के लिए जागरूक करें। दिव्यांग मतदाताओं के लिए इस बार विशेष प्रबंध किए जाएंगे। सभी दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने व घर छोड़ने तक की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी। इसके साथ-साथ दिव्यांग मतदाताओं के लिए बूथों पर वोलिंटियर्स भी नियुक्त किए जाएंगे, जो मतदान के दौरान उनकी मदद करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान बीएलओ भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिबिंब के रूप में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर अधिक भीड़ हो जाती है तो मतदाताओं के लिए बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए तथा पानी, शौचालय व बिजली की सुचारू व्यवस्था भी हो। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में एएसडी यानि अनुपस्थित, स्थानांतरित तथा मृतक मतदाताओं की सूची तैयार करें।
उपायुक्त ने कहा कि सभी मतदान बूथों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। लोकसभा आम चुनाव में इस बार वीवीपैट यानि वोटर वैरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल का इस्तेमाल होगा। वीवीपैट के माध्यम से मतदाताओं को अपना मतदान सही होने की पूष्टि मिलेगी, जोकि वीवीपैट पर 7 सैकेंड तक दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग जनों की शत प्रतिशत मत करवाने, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मतदाताओं के मत बनवाने और स्वीप गतिविधियों के तहत अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करने वाले बीएलओ को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएग। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर द्वारा सभी बीएलओ को ईवीएम मशीन के संचालन की व अन्य प्रकार की सभी जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई। इस अवसर पर कैथल विधानसभा क्षेत्र की सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधीश ईशा कम्बोज, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित चौधरी, चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India