कुरुक्षेत्र 26 जुलाई: उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की फसलों को खरीदने और सही भाव देने के उदेश्य से मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल पर प्रदेश के प्रत्येक किसान की फसल का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। इस पोर्टल को मुख्यमंत्री मनोहर लाल अवलोकन करेंगे, इसलिए इस पोर्टल पर 31 जुलाई 2019 तक सभी किसानों का ब्यौरा अप टू डेट करने का लक्ष्य पूरा किया जाना है। इस कार्य को सभी अधिकारी गम्भीरता से लेंगे और आपसी तालमेल के साथ इस लक्ष्य को पूरा करना सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया शुक्रवार को अधिकारियों को मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के तहत दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के तहत किसानों को ई-खरीद के साथ जोड़ा जाएगा और इस पोर्टल पर सबसे पहले किसानों की फसलों का एक दम सही डाटा दर्ज किया जाना है। किसानों का यह डाटा सीएससी सेंटरों के माध्यम से दर्ज किया जाएगा और इसमें गांव स्तर के अधिकारी किसानों की मदद करेंगे। इस कार्य के लिए सरकार की तरफ से सीएससी सेंटर को प्रति एंट्री के लिए 5 रुपए और किसानों को 10 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से सीधे बैंक खाते में जमा करवाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले में कमेटी का गठन किया गया है। इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए बकायदा एक योजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में करीब 25 हजार किसान है और अब तक इसमें से 15 हजार 252 किसानों ने इस पोर्टल अपना पंजीकरण करवा लिया है। जो किसान इस पोर्टल पर अपना डाटा अपडेट करेंगे उन किसानों को कृषि सम्बन्धी सारी जानकारी मिल पाएगी, कृषि आदान जैसे खाद, बीज की सबसीडी समय पर मिल पाएगी, फसल की बिजाई और कटाई का समय और मंडी में लाने की जानकारी उपलब्ध होगी, प्राकृतिक आपदा के दौरान समय पर जानकारी प्राप्त करके फसल को बर्बाद होने से बचाया जा सकेगा। इसलिए किसान सरकार के पोर्टल फसलएचआरवाईडाटईन पर अपना पंजीकरण करवा सकता है। इसके अलावा किसान टोल फ्री नम्बर 1800-180-2060 पर भी डायल कर सकता है। इस कार्य को करने के लिए अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ जमीन स्तर पर काम करना होगा। इस पोर्टल से किसानों को फायदा होगा और सरकार की हर योजना का लाभ सीधे किसानों को मिल पाएगा। इस कार्य को सभी अधिकारी एक चुनौती समझकर काम करेंगे ताकि निर्धारित समय पर डाटा तैयार हो सके। इस मौके पर डीआरओ डा. चांदी राम चौधरी, डीडीए डा. प्रदीप मिल, डीएमईओ राजीव चौधरी उपस्थित थे।
बाक्स
मेरी फसल मेरा ब्यौरा के तहत किसान अपने गांव की सीएससी में करवा सकते है डाटा फीड
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा के तहत किसान अपने गांव या फिर निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर अपनी फसलों और जमीनों का ब्यौरा दर्ज करवा सकता है। किसान को सीएससी सेंटर पर जमाबंदी की प्रति, बैक खाता विवरण, फसल का विवरण, मंडी और आढ़ती का विवरण, मोबाईल नम्बर, आधार नम्बर, परिवार को आईडी अपने साथ लेकर जाएंगे ताकि सीएससी सेंटर किसानों का डाटा फीड करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना आए। उन्होंने कहा कि डाटा फीड करने के लिए सीएससी सेंटर को 5 रुपए प्रति एंंट्री और किसान को 10 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से सीधा बैंक खाते में पैसा भी सरकार की तरफ जमा करवाया जाएगा। सभी अधिकारी और किसान इस बात पर विशेष ध्यान देंगे की डाटा और विवरण एक दम सही होना चाहिए। इस मामले में लापरवाही भी नहीं बरती जानी चाहिए। इसके अलावा किसान अपने क्षेत्र के पटवारी, कृषि विकास अधिकारी एवं मार्किट कमेटी कार्यालय से भी सम्पर्क कर सकते है।
Post Now India Post Now India