कैथल, 13 सितंबर: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बाल भवन में स्थापित मॉडल डे केयर सैंटर का सौंदर्यकरण उपरांत विधिवत रूप से शुभारंभ किया। डे-केयर सैंटर में बच्चों के लिए खेल-खेल में सिखाने के विभिन्न क्रियाकलापों के बारे में उपायुक्त ने फीडबैक ली।
उपायुक्त ने कहा कि मॉडल डे-केयर सैंटर में बच्चों को खेल के जरिए ज्ञान दिया जा रहा है। इसके साथ-साथ बाल भवन में लड़कियों को ब्यूटीशियन,कटिंग तथा टेलरिंग के कोर्स भी करवाए जा रहे है, जिससे भविष्य में लड़कियां अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं। बाल भवन परिसर में जल्द ही रंगशाला का निर्माण किया जाएगा, जिसके बनने उपरांत विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां व बच्चों के कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थान मुहैया हो जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि बाल भवन के माध्यम से चलाई जा रही डे-केयर सैंटर ब्यूटीशियन,कटिंग तथा टेलरिंग के कोर्स को सभी खंड में भी चलाया जाएगा। इसके साथ-साथ पाई, जाखौली तथा चीका के तीनों मिनी बाल भवनों में ये गतिविधियां आरंभ की जाएगी। इस माडल डे-केयर सैंटर को दोबारा से रेनोवेट किया गया है, जिसमें तीन वर्ष तक के बच्चे आ सकते हैं, जिन्हें शिक्षक व हैल्पर खेल-खेल में ज्ञान देने का कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर उपायुक्त ने बाल भवन में चलाई जा रही ब्यूटीशियन,कटिंग तथा टेलरिंग के कोर्स की कक्षाओं में जाकर लड़कियों से बातचीत की। उपायुक्त ने डे-केयर सैंटर में सभी बच्चों को मिठाई व चोकलेट वितरित की। डे-केयर सैंटर में तीन वर्ष से कम आयु की अन्नया ने उपायुक्त को देश के सभी राज्यों की राजधानियों के नाम बड़ी स्पीड से बताए, जिस पर उपायुक्त ने उस बच्ची को आर्शीवाद भी दिया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र बहल ने उपायुक्त को बताया कि डे-केयर सैंटर में 26 बच्चे रोजाना आते हैं। ब्यूटीशियन सैंटर में 20 लड़कियां तथा कटिंग और टेलरिंग कोर्स में भी 20 लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। समय-समय पर बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। इस मौके पर मलकीत चहल, राम सिंह, लाजपतराय सिंगला, चरणजीत, कांता चहल, प्रवीन लता,सुनील,ऋषिराज, प्रवीन आदि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India