कैथल, 1 मई: उपमंडलाधीश एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी ईशा कंबोज ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) की भूमिका बड़ी महत्वपूर्ण होती है। सभी बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर वोटर स्लिप तथा वोटर गाईड वितरित करना सुनिश्चित करें। इसके साथ संबंधित मतदाताओं से वोटर स्लिप प्राप्ति की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करेंगे।
उपमंडलाधीश एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी ईशा कंबोज लघु सचिवालय स्थित सभागार में कैथल विधानसभा क्षेत्र के 206 बीएलओ को वोटर स्लिप सहित अन्य सामग्री वितरित करने के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर वोटर स्लिप देंगे और मतदाताओं को आगामी 12 मई को शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। बीएलओ अपने-अपने संबंधित बूथों की अनुपस्थित, स्थानांतरित तथा मृत मतदाताओं की पूरी जानकारी कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। वोटर स्लिप देते समय परिवार के व्यस्क व्यक्ति से उसकी प्राप्ति रिपोर्ट भी जरूर लें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन भी सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर बैठकर मतदाताओं की मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान पोलिंग पार्टियों से तालमेल बनाकर दिव्यांग मतदाताओं, महिलाओं व अन्य मतदाताओं की वोट डलवाने में हर संभव मदद करें। अपने आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। वोटर स्लिप बांटने के कार्य के दौरान यदि किसी मतदाता से संपर्क नही हो पाए तो मतदान के दिन उन सभी की मतदाताओं लिस्ट लेकर बूथ पर मौजूद रहें। वोटर स्लिप बांटने के कार्य में सक्षम युवाओं की भी मदद ली जाएगी। मतदान प्रक्रिया के दौरान हर प्रकार की जानकारी बीएलओ उच्चाधिकारियों को तुरंत दें, ताकि मतदान प्रक्रिया शांति पूर्वक व निष्पक्षता से संपन्न हो। मतदान के दिन बीएलओ को मतदाताओं की अल्फाबैट सूची भी दी जाएगी, जिसे लेकर सभी संबंधित बीएलओ अपने-अपने बूथों पर रहेंगे। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। इस अवसर पर चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह ने वितरण कार्य के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर गुरनाम सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी व बीएलओज मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India