कैथल, 20 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि 23 मई को लोकसभा चुनाव की मतगणना का कार्य किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच-पांच वीवीपैट मशीनों का रैंडमली चयन करके उनकी पर्चियों की गिनती की जाएगी। मतगणना के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी सावधानी से कार्य करेंगे।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान मतगणना की जिम्मेदारी निभाने वाली काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग सहायक तथा माईक्रो आब्जर्वर को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 240 अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया तथा मतगणना के कार्यों को सही प्रकार से करने के लिए लघु फिल्म के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि मतगणना के कार्य में पूरी सावधानी पूर्वक कार्य किया जाए। किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर अपने संबंधित एआरओ से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने लोकतंत्र के पर्व में भूमिका निभाने वाले कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला में चुनाव शांति पूर्ण संपन्न कर लिया गया है। चुनाव प्रक्रिया का अंतिम महत्वपूर्ण कार्य मतगणना का होगा, जोकि 23 मई को करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला की चारों विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। कैथल विधानसभा क्षेत्र की गणना आरकेएसडी कॉलेज के हॉल, कलायत विधानसभा क्षेत्र की गणना आरकेएसडी पब्लिक स्कूल के हॉल, पूंडरी विधानसभा क्षेत्र की गणना आईजी कॉलेज के कॉमन कक्ष तथा गुहला विधानसभा क्षेत्र की गणना आईजी कॉलेज के ही हॉल में की जाएगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर 14 टेबल लगाई जाएंगी, जिन पर एक काउंटिंग सुपरवाईजर, एक काउंटिंग सहायक तथा एक माईक्रो आब्जर्वर नियुक्त होगा। मतगणना के कार्य में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को 22 मई को रैंडमली प्रणाली से विधानसभा क्षेत्र आबंटित किए जाएंगे। सभी कर्मचारी 23 मई को सुबह साढ़े 5 बजे अपने-अपने मतगणना केंद्र पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि 22 मई को दोपहर 3 बजे संबंधित एआरओ अनुसार ड्राई रन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि मतगणना के लिए टेबल पर पहले केवल सीयू (कंट्रोल यूनिट) लाई जाएगी। संबंधित अधिकारी व कर्मचारी एड्रैस टैग को चैक करके उसकी सील खोलेंगे और मतगणना एजैंटों को प्रदर्शित करते हुए रिजल्ट निकालेंगे। मतों की गणना होेने के बाद फार्म 17 सी का पार्ट-2 भरकर सुपरवाईजर व काउंटिंग एजैंटों के हस्ताक्षर करवाकर उसकी एक प्रति सहायक रिटर्निंग अधिकारी को देनी होगी। प्रत्येक राउंड का परिणाम प्राप्त होने के बाद उसे सुविधा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। प्रत्येक कंट्रोल यूनिट के परिणाम प्राप्त होने के बाद इसे सभी काउंटिंग एजैंट को दिखाकर उनकी संतुष्टि करवाई और इसके उपरांत परिणाम सीट पर काउंटिंग एजैंट के हस्ताक्षर करवाए जाएं। मतगणना का कार्य सीसीटीवी कैमरे की नजर में होगा। सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतगणना हॉल में पैन, पैन्सिल, मोबाईल फोन या अन्य कोई इलैक्ट्रोनिक्स उपकरण ले जाने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। हर राउंड के बाद आब्जर्वर के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश ईशा कंबोज, महेंद्र पाल, नगराधीश प्रदीप अहलावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडियां, डीआईओ दीपक खुराना, चुनाव नायब तहसीलदार हीरा लाल, चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह, सुदेश सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India