कैथल, 5 जून: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता में कोई कमी नही होनी चाहिए। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को जल्द पूरा करें तथा किए गए विकासात्मक कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। जिन कार्यों को पूरा करने में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा है तो उस कार्य की भी जानकारी भी जल्द दें।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में विकास एवं पंचायत विभाग तथा अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे रही थी। उपायुक्त ने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, जिससे ग्रामीण आंचल में विकास कार्य चल रहे हैं। जो कार्य पूरे हो चुके हैं उसकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें और जितने भी कार्य चल रहे हैं, उनका विवरण भी पोर्टल पर डाला जाए। शिव धाम योजना के तहत श्मशान घाट व कब्रिस्तान के रास्ते, चार दिवारी, पानी की व्यवस्था, शैड निर्माण इत्यादि कार्यों के लिए जिला के 811 कार्य चयनित किए गए थे, जिनमें से 194 कार्य पूरे हो चुके हैं, 130 पर कार्य चल रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले दो दिनों में इस योजना के तहत क्रियान्वित किए गए कार्यों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में दौरा करके विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाएं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला के विभिन्न 14 गांव क्योड़क, सीवन, हाबड़ी, करोड़ा, पाई, ढांड, कौल, पबनावा, फरल, भागल, बालू, बात्ता, मटौर तथा गुलियाणा में मॉडल पौंडस स्कीम के तहत तालाबों का जीर्णोद्धार करके उसे व्यवस्थित किया जा रहा है। संबंधित अधिकारी जल्द इस कार्य को पूरा करवाएं, ताकि आम जन को इसका लाभ मिल सके। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के तहत जिन 51 गांवों में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से घग्गर नदी में गंदा पानी जा रहा है, उसको रोकने की तुरंत व्यवस्था की जाए। सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी टीम के साथ संबंधित गांव में मौके पर जाकर मुआयना करें तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करें। एचआरडीएफ स्कीम के तहत सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन गांवों में पार्क कम व्यायामशालाएं स्थापित होनी प्रस्तावित हैं, उन सभी जगहों पर ग्राम पंचायत के साथ तालमेल करके जल्द पूरा करवाएं। गांव में स्थापित किए गए गौरव गाथा पट्ट का पूरा रिकोर्ड रखें।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मनरेगा योजना के तहत कार्य करने वाले संबंधित व्यक्तियों को समय पर कार्य दिया जाए और उसका भुगतान भी समय पर किया जाए। मनरेगा में कार्य करने वाले सभी व्यक्तियों का आधार कार्ड ऑनलाईन लिंक किया जाए, ताकि पारदर्शी तरीके से उनके द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान सीधा उनके खाते में जाए। उन्होंने सांसद निधि और विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत किए गए कार्यों की उपयोगिता प्रमाण-पत्र की रिपोर्ट भिजवाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोबरधन परियोजना के तहत गांव भैणी माजरा में बनने वाले गोबर गैस प्लांट की रूप रेखा शीघ्र तैयार करें, ताकि जल्द ही इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जा सके।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2162 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। अपना कार्य स्थापित करने के लिए इन सभी लोन मुहैया करवाया जाएगा। अब तक जिला में 15 करोड़ रुपए की राशि इन स्वयं सहायता समूह को दी जा चुकी है। सरकार द्वारा समुदाय इन्वेस्टमेंट फंड दिया जाता है। इन ग्रुपों में से कई समूह फाईल, बैग, खिलौने आदि बनाकर अच्छा कार्य कर रहे हैं और अपनी आजीविका कमा रहे हैं। सरकार उनको आत्म निर्भर बनाने के लिए पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जितने भी कार्य इस अभियान के तहत किए जाते हैं, सभी कार्य गुणवत्ता पूर्वक होने चाहिए। स्कूली बच्चों को समय पर पाठन सामग्री उपलब्ध करवाई जाए। ग्रीष्म कालीन अवकाश के दौरान चल रही अभिरूचि कक्षाओं के माध्यम से बच्चों के ज्ञान में वृद्धि के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में चल रहे क्रियाकलापों को ओर अधिक तेजी प्रदान करते हुए आम जन के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ संबंधित व्यक्ति पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोजी, सुमित कुमार, कंचन लता, सुरेंद्र शर्मा, पंचायत राज के कार्यकारी अभियंता राकेश गोयल, मुकेश शर्मा, निसाफ सिंह, रमेश कुमार, मनोज कुमार, अनित, ललित कुमार, नरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India