करनाल 29 अगस्त, नए भारत के निर्माण में देश का हर व्यक्ति तंदरूस्त रहे, इसके लिए गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से फिट इंडिया अभियान की शुरूआत की। करनाल जिला में यह कार्यक्रम शहर की कालिदास रंगशाला में सम्पन्न हुआ। एक बड़ी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री का करीब एक घंटे का सीधा प्रसारण हुआ जिसमें उन्होंने देश की जनता को फिट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगरनिगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के अतिरिक्त खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा करीब 1500 बच्चों ने शिरकत की। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का स्मरण कर उन्हें नमन किया और सभी देशवासियों को खेल दिवस की बधाई दी।
जैसे ही स्टेज से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ उपस्थित सभी ने एकाग्रचित होकर प्रधानमंत्री का भाषण सुना। खेल विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल का सीधा नाता फिटनेस से है। फिटनेस केवल एक शब्द ही नहीं जीवन की जरूरत है। हमारे देश में फिट रहने के लिए योग, व्यायाम और खेल प्रारंभ से ही होते रहे हैं, जिनसे जुडक़र व्यक्ति सेहतमंद बना रहता था। अब फिट इंडिया मूवमेंट इसलिए जरूरी हो गया है कि व्यक्ति इन चीजों की ओर ध्यान न देकर भौतिकता में व्यस्त रहता है। इससे सोसाईटी में उदासीनता सी आ गई है और हमारी पहले जैसी जीवनशैली नहीं रही। परिणामस्वरूप समाज में मधुमेह और बीपी जैसी बीमारियां हो रही हैं। इनसे बचने के लिए अब हर व्यक्ति व हर परिवार को फिटनेस के लिए अपनी दिनचर्या में बदलाव करना होगा।
उन्होंने कहा कि फिटनेस के महत्व पर चलते हुए दुनिया के चीन, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया व अमेरिका जैसे विकसित देशों ने भी अपने नागरिकों को फिट रहने के लिए कईं तरह के कार्यक्रम बनाए हैं। नये भारत के हर नागरिक को भी अब फिट रहने की आवश्यकता है। इसके लिए जुनून, इच्छाशक्ति और लगन का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जोश के साथ आगे बढ़ता है सफलता उसके कदम चूमती है, फिटनेस है तो दिल और दिमाग भी फिट है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जीवन का लक्ष्य बनाने से वह बदल जाता है इसी तरह से जीवन में फिटनेस लाने के लिए एकाग्रता आ जाती है। उन्होंने कहा कि पहले लोग स्वार्थ के लिए फिट रहते थे लेकिन अब स्वार्थ के लिए नहीं स्वास्थ्य के लिए फिट रहना जरूरी है।
इस अवसर पर नगरनिगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कार्यक्रम के माध्यम से सभी शहरवासियों को प्रधानमंत्री के लाईव प्रसारण से सीख लेकर फिट रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री ने देश को स्वच्छता का नारा दिया था ठीक उसी प्रकार फिट इंडिया का नारा दिया है। देश के सभी नागरिकों को इससे जुड़ जाना चाहिए। मेयर ने कहा कि हरियाणा की वर्तमान सरकार लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। करीब 5 साल के अर्से में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शहरों व गांवों में खूबसूरत पार्क विकसित करने के साथ-साथ ओपन जिम व व्यायामशालाओं की सुविधा भी दी है। उन्होंने कहा कि हर उम्र के व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए किसी न किसी खेल से अवश्य जुडऩा चाहिए। खेल से व्यक्ति अपने आप को फिट रख सकता है और इससे समाज में भाईचारे की भावना भी सुदृढ़ होती है।
इस मौके पर नगरनिगम के आयुक्त राजीव मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी रविन्द्र चौधरी, जिला खेल अधिकारी राजीव कुमार, जिला खेल शिक्षा अधिकारी सेवा सिंह, युवा खेल कार्यक्रम संयोजक जोगिन्द्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश पांडे, रीना रानी व संजना देवी भी उपस्थित थे।
बॉक्स: मैराथन को उप-आयुक्त नगरनिगम धीरज कुमार ने झंडी दिखाकर किया रवाना।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सुबह करीब 6.30 बजे उप-आयुक्त नगरनिगम धीरज कुमार ने स्टेडियम परिसर से मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुए वापिस मुख्य कार्यक्रम कालिदास रंगशाला में पहुंची। इसकी दूसरी ओर मेजर ध्यानचंद की याद में शाखा ग्राऊंड के नजदीक हॉकी ग्राऊंड में हॉकी का मैच करवाया गया जिसका शुभारंभ जिला खेल अधिकारी राजीव कुमार ने किया।
Post Now India Post Now India