करनाल 5 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के निर्देश पर लोकसभा आम चुनाव के लिए मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता लाने की एक नई पहल की है, जिसके तहत गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए छबील लगाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थापित बसताड़ा टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनो में सवार यात्रियों को ऐसे 25 हजार कपो में पानी पिलाया, जिन पर मतदान की तिथि 12 मई अंकित थी। इसके अलावा ओल्ड बस अड्डा व रेलवे स्टेशन करनाल पर भी करीब 5 हजार कपो में यात्रियों को पानी पिलाकर मतदान के प्रति जागरूक किया। दूसरी ओर सफाई अभियान भी चलाया। इस मौके पर घरौंडा के एआरओ श्याम लाल, तहसीलदार करनाल राज बक्श ने यात्रियों से यह भी अपील की कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए 12 मई को मतदान केन्द्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
एआरओ श्याम लाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा के चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से यात्रियों को विशेष कपो में पानी पिलाया गया है, ताकि यात्रियों के जहन में 12 मई को होने वाले चुनाव की तिथि याद रहे और वह निर्धारित तिथि को बूथ पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आयोग के निर्देश पर स्वीप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत प्रशासन द्वारा शिक्षण संस्थाओं में अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को वोट के महत्व के बारे में ना केवल जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हे मतदान के प्रति भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का बहुत ही महत्व है। इसलिए हर मतदाता को मतदान जरूर करना चाहिए, मतदान का यह अवसर 5 साल में केवल एक बार ही मिलता है, यह मौका हमें नहीं गवांना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वयं भी मतदान करें और दूसरे मतदाताओं को भी प्रेरित करें।
Post Now India Post Now India