करनाल 13 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने रविवार को हुए मतदान के लिए तमाम मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि जिला में मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। प्रजातंत्र की मजबूती तथा इसे कायम रखने के लिए मतदाताओं ने वोट के जरिए बड़े उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस जिला के सभी पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की ईवीएम बीती रात रेलवे रोड़ स्थित एस डी शिक्षण संस्था के स्ट्रोंग रूम सुरक्षित रख दी गई हैं, जो आगामी 23 मई को इसी जगह मतगणना के लिए निकाली जाएंगी। पानीपत के तहत आने वाले निर्वाचन क्षेत्रों की मशीने पानीपत में ही बनाए गए स्ट्रोंग रूम में रखी गई है। कोई भी उम्मीदवार या उनके द्वारा अधिकृत एजेंट पहचान पत्र बनवाकर इन स्ट्रोंग रूम की व्यवस्था को देख सकता है। उपायुक्त सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक शशिभूषण सिंह तथा करनाल व पानीपत जिला के सभी एआरओ उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि यदि कोई उम्मीदवार या उनके द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि इन स्ट्रोंग रूम पर निगरानी चाहता है, तो जिला प्रशासन द्वारा इस तरह की व्यवस्था भी की गई है, प्रतिनिधि स्ट्रोंग रूम के बाहर बनाए गए सीसीटीवी कक्ष में बैठकर आगामी 23 मई तक कैमरों की फीडबैक देख सकता है। इसके अतिरिक्त स्ट्रोंग रूम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय प्रबंध किए गए हैं, इनमें केन्द्रीय अर्ध सैनिक बल तथा जिला पुलिस की टुकडिय़ां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 23 मई को प्रात: 8 बजे मतगणना का कार्य शुरू किया जाएगा तथा इससे एक घण्टा पहले प्रात: 7 बजे उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों के समक्ष सभी स्ट्रोंग रूम खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि पानीपत जिला के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतों के गिनती का कार्य पानीपत में ही किया जाएगा। मतगणना के दौरान सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए नियुक्त किए जाने वाले काउंटिंग एजेंट्ïस की सूची सभी उम्मीदवार समय रहते निर्धारित प्रफोर्मा में भरकर आर.ओ. कार्यालय में जमा करवाएं।
जिला रिटर्निंग अधिकारी ने उम्मीदवारों द्वारा जमा करवाए जाने वाले खर्च के बारे में सम्बोधित करते हुए बताया कि इस विषय पर आगामी 14 जून को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा तथा आगामी 18 जून को खर्च पर्यवेक्षक विभा मिश्रा उम्मीदवारों द्वारा किए गए खर्च का अंतिम निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उम्मीदवार को नोटिस दिया जाएगा। इसके उपरांत आगामी 22 जून तक उम्मीदवार को उसके द्वारा किए गए खर्च का विवरण जमा करवाना होगा। ऐसा ना करने पर चुनाव आयोग द्वारा उम्मीदवार को 3 साल तक चुनाव लडऩे पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
Post Now India Post Now India