कुरुक्षेत्र, 17 दिसम्बर अन्र्तराष्ट्रीय गीता जंयती महोत्सव पर ब्रहमसरोवर तट पर फुडक़ोट पर हरियाणा की प्रसिद्ध लाला मातू राम हलवाई की जलेबी व स्पेशल दूध के केसर का यहां पर आने वाले पर्यटक खूब स्वाद चख रहे हैं। 250 ग्राम की एक पीस की कीमत 70 रूपये है व स्पेशल दूध के केसर का गिलास 40 से 50 रूपये का है। मोटी जलेबी को देखकर एक बार तो लोग भी देखते हैं कि यह आर्कषक जलेबी है और स्वाद चखने के बाद अन्य जलेबियों की तुलना उसका स्वाद भी अलग है।
हरियाणा की प्रसिद्ध लाला मातू राम हलवाई की जलेबी की पुरानी दुकान शिव चौक गोहाना नजदीक टेलीफोन एक्चैंज के पास स्थित है। स्व. लाला मातू राम के पौत्र नीरज गुप्ता व रमन ने बताया कि अपने दादा की विख्यात जलेबी के व्यापार को आज भी चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके दादा ने गोहाना में रेहड़ी से जलेबी बनाने की शुरूआत की थी। उसके बाद खोखे पर इसको बनाने का व्यापार किया और बाद में दुकान स्थापित कर इस जलेबी बनाने के कारोबार को निरंतर कर रहे है। उन्होंने कहा कि उनके पिता राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने भी लम्बे समय तक इस व्यापार को जारी रखा और अब वह अपने पूर्वजों के व्यापार को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार को बढ़ाते हुए उन्होंने बंगाली मिठाई, बीकानेर मिठाई, आलू कचोरी को बनाते हुए इसे आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि लोगों के भरपूर सहयोग से उनका व्यापार को बढ़ावा मिला है।
स्पेशल दूध के केसर के कारीगर अनिल कुमार ने बताया कि नीरज गुप्ता की देखरेख में ब्रहमसरोवर तट पर लाला मातू राम हलवाई की जलेबी के नाम से 4 स्टाल लगे हुए हैं जहां पर आने वाले पर्यटक इस जलेबी के स्वाद को चख रहे हैं वहीं वह अपने घरों में भी इस जलेबी को ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नॉथ जोन के तहत प्रशासन द्वारा लगने वाले सभी मेलों में उन्हें इस जलेबी को दिखाने का जहां उन्हें अवसर मिलता है वहीं लोग भी इस जलेबी को खरीद कर उनका उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि दीपावली के पर्व पर इस जलेबी की डिमांड ओर बढ़ जाती है तथा गोहाना निवासी ही नहीं आस-पास जिलों के लोग इस जलेबी की खरीदारी करके विदेशों में भी अपने रिश्तेदारों को भेजते हैं। शत-प्रतिशत देसी घी से बनी इस जलेबी को खाने का स्वाद अलग ही है। कुरूक्षेत्र निवासी जगमोहन, मधु शर्मा, बिमला देवी ने बताया कि लाला मातूराम की जलेबी के बारे काफी सुना है आज गीता जंयती के महोत्सव पर लगे स्टाल पर इस जलेबी को बनते देखकर उन्हें जहां अच्छा लग रहा है वहीं इस का स्वाद चखने के बाद उन्हें काफी खुशी मिली है। उन्होंने बताया कि इस जलेबी में किसी भी प्रकार की कोई मिलावट नहीं है तथा यहां पर शुद्ध देसी घी से निर्मित जलेबी लोगों को मिल रही है।
Post Now India Post Now India