कैथल, 11 मई ( ) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी तथा पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा शहर में मतदाताओं में सुरक्षा की भावना को प्रबल करने तथा आत्म विश्वास बढाने के उद्देश्य से पुलिस बल के काफिले के साथ पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च स्थानीय लघु सचिवालय परिसर से शुरू होकर इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय के समीप सम्पन्न हुआ। इस फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारियों के अतिरिक्त लगभग 150 जवानों ने हिस्सा लिया, जिनमें दुर्गा शक्ति महिला पुलिस कर्मी भी शामिल थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने फ्लैग मार्च शुरू करने से पूर्व अपने संदेश में कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार लोक सभा आम चुनाव को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न करवाने हेतू सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यह पैदल फ्लैग मार्च पेहवा चौक, कमेटी चौक, गीता भवन मंदिर, पुराना तहसील रोड, तलाई बाजार, रेलवे गेट, छात्रावास रोड, पुराना बस स्टैंड, पेहवा चौक होते हुए इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय के समीप सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि मतदान पार्टियों को पूर्ण मतदान प्रक्रिया के प्रशिक्षण के बाद चुनाव सामग्री वितरित करके मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने जिला के मतदाताओं का आह्वïान किया कि वे 12 मई को मदर्स डे के अवसर पर सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित अवधि में अपनी मातृ भूमि को अपना बहुमूल्य मत देकर अपने दायित्व का निर्वहन करें ताकि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि 12 मई को हर मतदाता अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग निर्भीक व स्वेच्छा से कर सके। इसके लिए सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के संदर्भ में कोई भी मतदाता अपनी शिकायत या सुझाव जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए नियंत्रण कक्ष में दे सकते हैं। आदर्श चुनाव आचार संहिता के संदर्भ में प्राप्त शिकायतों की जांच संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। जिला में 795 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैम्प, व्हील चेयर व वाहनों आदि के प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सैक्टर अधिकारी एवं जोनल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो चुनाव प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगे। इसके अतिरिक्त माईक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए गए हंै।
डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला में 7 लाख 57 हजार 240 मतदाताओं में 4 लाख 5 हजार 661 पुरुष, 3 लाख 51 हजार 768 महिला मतदाता तथा 11 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। जिला में 795 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 4 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल, 148 मतदान केंद्र अति संवेदनशील तथा 128 मतदान केंद संवेदनशील हैं। इन मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष व शांतिपूर्वक मतदान के लिए सीसीटीवी कैमरे व अन्य प्रबंध किए गए हैं। जिला में 4 हजार 949 दिव्यांग अर्थात पीडब्ल्युडी मतदाता हैं, जिनके लिए वाहन, व्हील चेयर आदि की व्यवस्था की गई हैं। जिला में 50 मतदान केंद्रों पर वैब कास्टिंग करवाई जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण आयोग के पोर्टल पर होगा। जिला में लोकसभा आम चुनाव में 1764 बैलेट यूनिट, 891 कंट्रोल यूनिट 990 वीवीपैट प्रयोग में लाई जाएंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के जिला प्रशासन के पास पर्याप्त संख्या में इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट उपलब्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने कहा कि जिला में लोकसभा आम चुनाव के दृष्टिïगत सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। जिला में 2652 से ज्यादा पुलिस बल के जवान वरिष्ठï अधिकारियों के नेतृत्व में तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नेवल के 250 जवान भी तैनात हैं। हर मतदान केंद्र पर आयोग की हिदायतों अनुसार सुरक्षा बल तैनात हैं तथा पैट्रोलिंग पाॢटयां भी मतदान के दौरान निरंतर कानून व्यवस्था पर नजर रखेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की टुकडिय़ों में हरियाणा सशस्त्र पुलिस, पंजाब पुलिस, रेलेव सुरक्षा पुलिस, नेवल कमांडो सहित मधुबन ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस बल के जवान भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में आत्म विश्वास व सुरक्षा की भावना को बढाना है ताकि हर मतदाता बिना किसी डर व प्रलोभन के स्वेच्छा से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
फ्लैग मार्च में पुलिस उपाधीक्षक कुलवंत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
Post Now India Post Now India