कैथल, 22 मार्च: कुरूक्षेत्र लोकसभा संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2019 पूरी निष्पक्षता व शांति पूर्ण ढंग से करवाया जाए। चुनाव से जुड़े सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अनुसार तैयारियां पूरी रखें। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए।
डॉ. एसएस फुलिया शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में कैथल जिला के जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी व चुनाव से जुड़े संबंधित अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। बैठक उपरांत रिटर्निंग अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया ने जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी, पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम, अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, एसडीएम ईषा कंबोज व संजय कुमार, नगराधीश जगदीप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, डीआईओ दीपक खुराना, चुनाव नायब तहसीलदार राजपाल भूरा, चुनाव कानूनगो शमशेर व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ आरकेएसडी कॉलेज व स्कूल तथा आईजी कॉलेज में बनने वाले काउंटिंग सैंटर व स्ट्रांग रूम का भी दौरा किया।
डॉ. एसएस फुलिया ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी प्लानिंग के अनुसार संपन्न करवाएं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र अनुसार सभी एआरओ अपने-अपने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करके सभी आधारभूत जरूरतें पूरी करवाना सुनिश्चित करें। स्वीप गतिविधि में 12 अप्रैल तक नए मतदाताओं के वोट बनाए जाएं। आम जन को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने हेतू विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार हो सके। सी-विजिल पर आने वाली सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। सी-विजिल एप पर कोई भी व्यक्ति आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकता है तथा संबंधित अधिकारी द्वारा निर्धारित समय में उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2019 की तैयारियां मुकम्मल की जा रही है। विधानसभा अनुसार सैक्टर अधिकारी, जोनल मैजिस्ट्रेट, पुलिस पार्टी तथा फ्लाईंग स्कवायड नियुक्त किए गए हैं, जो लोकसभा चुनाव के दौरान जिला में कानून एवं व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है, जो प्रिंट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला में विशेष प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को मतदान करने तथा जिन मतदाताओं के वोट नही बने हैं, उन्हें वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभी तक जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 17 हजार 528 नए मतदाताओं ने मत बनाने के लिए आवेदन दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव के लिए 389 लोकेशन पर जिला में 795 बूथ स्थापित किए गए हैं। गुहला में 196 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 171 ग्रामीण अंचल तथा 25 शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 109 हैं। कलायत में 209 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 182 गांवों में तथा 27 कलायत शहर में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 97 हैं। कैथल में 206 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 109 विभिन्न गांवों में तथा 97 कैथल शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 91 हैं। पूंडरी में 184 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 171 गांवों में तथा 13 शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं, जिनकी लोकेशन 92 हैं।
रिटर्निंग अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी ने किया स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्रों का निरीक्षण।
रिटर्निंग अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी तथा पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम व अन्य संबंधित अधिकारियों ने लोकसभा आम चुनाव 2019 की तैयारियों के दृष्टिगत आरकेएसडी कॉलेज व स्कूल तथा इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में बनने वाले स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। आरकेएसडी कॉलेज में कैथल विधानसभा क्षेत्र तथा आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में कलायत विधानसभा क्षेत्र, इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में पूंडरी तथा गुहला विधानसभा क्षेत्र के लिए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। रिटर्निंग अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। स्ट्रांग रूम के दरवाजें व खिड़कियां बिल्कुल दुरूस्त होनी चाहिए। इसके साथ-साथ समूचे परिसर में बैरिकेंटिंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए। मतगणना केंद्र व स्ट्रांग रूम परिसर में कैमरों लगे होने चाहिए, जोकि बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए।
Post Now India Post Now India