करनाल 28 अप्रैल: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने कहा कि जिन मतदाताओं का 12 मई को जन्मदिन है, वे अपने जन्मदिन के मौके पर 12 मई को होने वाले लोकसभा के आम चुनाव में धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोबन से प्रभावित हुए बिना निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और मतदान करके राष्ट्र को उपहार दें तथा ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह रविवार को लघु सचिवालय के सभागार में स्वीप कार्यक्रम के तहत उन मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर रहे थे, जिनका 12 मई को जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हे जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दी और कहा कि जन्मदिन सभी के जीवन का खास दिन होता है, सौभाग्य से इस वर्ष 12 मई को लोकसभा के आम चुनाव के लिए मतदान होना है और यह आपके लिए ओर भी खास दिन बन गया है। इस दिन आप मतदान करके पूरे राष्ट्र के साथ अपना जन्मदिन मनाएं। कार्यक्रम में उपायुक्त ने उन्हे शपथ दिलाई कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखेंगे, अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादाओं को बनाए रखेेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव की गरिमा को रखते हुए निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार हमे संविधान ने दिया है। मतदान करने का अवसर 5 साल में एक बार मिलता है। इस अवसर को लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमें कभी भी नही गवाना चाहिए। उन्होंने वोट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में ऐसे कई उदाहरण देखते को मिलते हैं कि प्रत्याशी एक वोट से हार जाता है या कई बार बराबर-बराबर प्रत्याशियों को वोट मिल जाते हैं। ऐसी स्थिति में एक-एक वोट की बहुत ही कीमत होती है। उन्होंने यह भी बताया कि इतिहास में यह भी पढऩे को मिलता है कि पहले वोट का अधिकार केवल व्यक्ति विशेष को ही मिलता था। कई देशो में तो रंग भेद के आधार पर ही वोट का अधिकार प्राप्त था, लेकिन आजादी के बाद भारत देश में संविधान ने जिन नागरिको की आयु 21 वर्ष हो चुकी थी, उन्हे वोट का अधिकार दिया, लेकिन कुछ समय के बाद संविधान में संशोधन के बाद अब 18 वर्ष की आयु के नागरिक को वोट का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से अपील की कि वे 12 मई को मतदान के दिन बूथ पर जाकर मतदान करें और दूसरे मतदाताओं को भी मतदान करने के बारे में जागरूक करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के पास वोटर कार्ड नही है, वे चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार पहचान पत्र के रूप में अन्य दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव महापर्व के समान है और इस महापर्व को सभी वर्ग, जाति, धर्म के लोगो ने निष्पक्षता से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। चुनाव 5 साल मे आता है, तभी नागरिको को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलता है। उन्होंने मतदाताओं को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि इस दिन को ओर विशेष बनाने के लिए वह मतदान के लिए पोलिंग बूथ पर अवश्य जाएं, इसे छुट्टी का दिन ना समझे। उन्होंने बताया कि इस बार के चुनाव में आप में से कुछ मतदाताओं को मतदान के दिन पोलिंग बूथ पर सरप्राईज़ गिफ्ट देकर आपके जन्मदिन को स्पेशल बनाया जाएगा। यह सरप्राईज़ गिफ्ट ड्रा बॉक्स में से पर्ची निकालकर कुछ मतदाताओं को ही दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कुछ मतदाता वोटर कार्ड या मतदाता सूची में नाम ना होने के कारण मतदान में रूचि नही दिखाते, उनकी सुविधा के लिए चुनाव आयोग की ओर से टोल फ्री नम्बर 1950 जारी किया गया है, जिस पर वे अपनी वोट व बूथ के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक ने भी मतदाताओं को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दी और कहा कि वोट डालना ना केवल हमारा अधिकार है, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। ऐसा करके हम लोकतंत्र को मजबूती प्रदान कर सकते हैं और अपनी मनचाही सरकार बना सकते हैं। उन्होंने एक वोट के महत्व के बारे में बताया कि पिछले दिनो नगर निगम के आम चुनाव में एक ही वार्ड से दो प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले थे, उनका परिणाम ड्रा से घोषित हुआ था। जो प्रत्याशी ड्रा में हार गया था, उसने कहा कि 4-5 वोट तो मेरी निजी रह गई हैं, मुझे इतनी जानकारी नही थी कि मेरी ऐसे हार होगी। इसलिए हर मतदाता की वोट की कीमत है, मतदाता के लिए मतदान करना जरूरी है।
इस अवसर पर चुनाव कानूनगो नरेश कुमार ने उपस्थित मतदाताओं को ईवीएम मशीन, वीवीपैट तथा मतदान करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव को पारदर्शिता पूर्ण बनाने के लिए इस बार आयोग द्वारा उम्मीदवारो के नाम के साथ-साथ उनकी फोटो भी ईवीएम में लगी होगी। जिला के अम्बेसडर एवं रेडियो सिटी के आरजे अमन ने भी मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया, विशेषकर उन मतदाताओं से आग्रह किया, जिनका जन्मदिन 12 मई को है और पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से मतदान के प्रति उनकी खुशी भी जानी, जिस पर कई युवा मतदाताओं ने कहा कि हम अपने जन्मदिन को प्रजातंत्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर चुनाव तहसीलदार सुनील भौरिया भी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India