कुरुक्षेत्र 20 दिसम्बर। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवम समग्र शिक्षा द्वारा जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर में सम्पन्न इस विज्ञान प्रदर्शनी पर जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने कहा कि विज्ञान में निरंतर सुधार व बदलाव की संभावना बनी रहती है। यह एक सतत प्रक्रिया है। विद्यार्थियों को इन बदलावों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा स्वयं को निरंतर अपडेट करें। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रगति का आधार है जिस गति से मनुष्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हुआ, उसी गति से सुविधाओं का विकास हुआ है। विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। विज्ञान अध्यपको को चाहिए कि वे छात्रों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा किअधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर विद्यालय ऐसी प्रतियोगिता में भागीदारी अवश्य करें। इस कार्य मे लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना आवश्यक है। उन्होने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी कम नही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान विषय मे बच्चों की रूचि निरन्तर बढ़ रही है जो निस्संदेह सराहनीय है। इसे और बढ़ाना हम सब की जिम्मेदारी है।
विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करते जिला शिक्षा अधिकारी