Breaking News
Home / Lok Sabha Election / इनेलो ने कुरुक्षेत्र के रण में उतारा अर्जुन चौटाला

इनेलो ने कुरुक्षेत्र के रण में उतारा अर्जुन चौटाला

कुरुक्षेत्र : इनेलो ने कुरुक्षेत्र से अर्जुन चौटाला को चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि रोहतक से इनेलो सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर फौजी को प्रत्याशी बनाया है। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सैनिक बलवान सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा शनिवार को की जाएगी। यह जानकारी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने अपने निवास स्थान पर विशेष रूप से बुलाए गए पत्रकार सम्मेलन में की। इस अवसर पर इनेलो जिला प्रधान संदीप टेका, शहरी प्रधान विवेक मैहता विक्की, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मास्टर हरिसिंह पांचाल, पार्टी के जिला उपप्रधान सुभाष मिर्जापुर, आइटी सैल के थानेसर हलका संयोजक दीपक फौजी, अफसर सिंह गुर्जर, दिनेश मिर्जापुर, मनोज चौहान अमीन सहित पार्टी के अनेक नेता उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि इनेलो ने अंबाला, सोनीपत, सिरसा, करनाल, फरीदाबाद तथा हिसार लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशियों की घोषणा दो दिन पहले ही कर दी थी। इस प्रकार इनेलो ने नौ लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।

अशोक अरोड़ा ने बताया कि अर्जुन चौटाला इनेलो के छात्र विंग आइएसओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जबकि रोहतक तथा भिवानी महेंद्र गढ़ के प्रत्याशी दोनों ही पूर्व सैनिक है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए किसान, सैनिक और युवाओं को पार्टी प्रत्याशी बनाया है। चौधरी देवीलाल ने आम कार्यकर्ताओं को विधानसभा और लोकसभा का दरवाजा दिखाया था। उन्होंने राजनीति को पूंजीपतियों के महल से निकालकर गरीब की झोंपड़ी तक पहुंचाया। उन्हीं की नीतियों पर चलते हुए चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने आम कार्यकर्ताओं को लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पहुंचाया और इस बार भी पार्टी ने इन्हीं नीतियों का अनुसरण करते हुए आम कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा है, जिनमें युवा, पूर्व सैनिक और किसान शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि रोहतक विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी धर्मबीर फौजी लगभग 25 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं, जबकि बलवान सिंह यादव का परिवार भी लंबे समय से इनेलो से जुड़ा हुआ है।

एक प्रश्न के उत्तर में इनेलेा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने जैसे लुभावने वायदे किए थे, लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। इनेलो स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, युवाओं को रोजगार देने, जीएसटी तथा नोटबंदी जैसे मुद्दों काे लेकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सेना का राजनीतिकरण कर रही है। सेना देश का गौरव है और सेना के शौर्य पर हर भारतीय को नाज है, लेकिन चुनावों में सेना का राजनीतिकरण दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि इनेलो प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी।

About postnow

Check Also

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना का कार्य करने वाले मतगणना सुपरवाईजर, काउंटिंग सहायक तथा माईक्रो आब्जर्वर का रैंडोमाईजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, मतगणना पर्यवेक्षक सुशीला तथा रिंकी जैयसवाल की उपस्थिति में किया गया

कैथल, 22 मई: कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *