कैथल, 28 मार्च: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने स्थानीय नागरिक अस्पताल में आम लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल में आने वाले लोगों को ज्यादा देर पंक्तियों में न खड़ा होना पड़े तथा उन्हें बेहत्तर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए।
डॉ. प्रियंका सोनी ने उप सिविल सर्जन डा. नीलम कक्कड़, डा. आरडी चावला, डा. रेनू चावला, डा. दिनेश कंसल के साथ स्थानीय नागरिक अस्पताल में विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा अस्पताल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। डॉ. प्रियंका सोनी ने सर्व प्रथम दवाई वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने इस कक्ष में उपलब्ध विभिन्न प्रकार की दवाईंयों बारे जानकारी हासिल की तथा स्टॉक रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने दवाईंया लेने के लिए काउंटर के बाहर पंक्तियों में खड़े लोगों को देखकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस काउंटर पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने का प्रबंध करें, ताकि मरीजों को दवाईंया लेने हेतू ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने इसके उपरांत कम्प्यूटर आधारित शिकायत सैल, टीकाकरण कक्ष का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने इसके उपरांत प्रसव कक्ष में सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कक्ष में आवश्यकता अनुसार दूसरे कक्षों से बैड स्थानांतरित करवाएं, ताकि एक बैड पर एक से ज्यादा गर्भवती महिला को न बैठना पड़े। उन्होंने प्रसूति पूर्व देखभाल कक्ष में भी मौजूद गर्भवती महिलाओं से बातचीत की तथा अस्पताल द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में स्थापित की गई कंगारू मदर केयर यूनिट का भी अवलोकन किया। इस यूनिट में कम वजन के साथ पैदा होने वाले बच्चों को मां के साथ पेट से लगाकर उसी तरह रखा जाता है, जैसे एक कंगारू अपने बच्चे को रखती है। यह ऐसे बच्चों के ईलाज के लिए एक नई तकनीक है। उन्होंने इसके उपरांत उन्होंने हाई रिस्क प्रेगनेंसी यूनिट में गर्भवती महिलाओं की जांच व अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाल चिकित्सा ओपीडी का निरीक्षण करते हुए हर रोज बच्चों की ओपीडी के बारे में जानकारी हासिल की।
डॉ. प्रियंका सोनी ने अस्पताल परिसर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में पंचक्रम ओपीडी, योगा ओपीडी तथा होम्योपैथिक ईलाज पद्धति की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने नेत्र ओपीडी का निरीक्षण करते हुए डाक्टरों को निर्देश दिए कि वे लोगों को जल्दी निपटाएं, ताकि ओपीडी के बाहर लंबी पंक्तियां न लगे। उन्होंने दंत ओपीडी का अवलोकन करते हुए इस कक्ष में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी हासिल की। इसके उपरांत उन्होंने अस्पताल परिसर में सीटी स्कैन / एमआरआई कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थियेटर, दवाखाना, बाल चिकित्सा वार्ड, ब्लड बैंक, एचआईवी / एड्स, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना, मित्रता क्लीनिक तथा देरी से सीखने वाले बच्चों हेतू स्थापित किए गए काउंसलिंग सैंटर का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अस्पताल परिसर से निकलने वाले कचरे के निपटान का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर के सीवर कनैक्शन बारे शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि खुली ड्रेन में यह कचरा न डले।
इस मौके पर उप सिविल सर्जन डा. नीलम कक्कड़ तथा डा. आरडी चावला ने बताया कि अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका नियंत्रण मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बड़ी स्क्रीनों के माध्यम से हो रहा है। इस अवसर पर अनिल अग्रवाल, डा. जितेंद्र गिल, डा. बी.बी. कक्कड़ व अन्य संबंधित डाक्टर मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India