कुरुक्षेत्र। हॉकी में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सुभाष चौहान ने कहा कि खेलों का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेल से शारीरिक और मानसिक विकास तो होता ही है, इनसे आपसी सदभाव भी मजबूत होता है। सुभाष चौहान बुधवार को गांव बारना के शहीद सुरेंद्र कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। विद्यालय की प्रिंसीपल रीटा बठला व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन चौधरी ने विद्यालय में पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यातिथि सुभाष चौहान ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। हर किसी को खेल के लिए समय निकालना चाहिए। इससे शरीर हमेशा चुस्त दुरुस्त रहता है। खेल भाई चारे की भावना को भी आगे बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने युवाओं को अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हमेशा वही कार्य करने चाहिए जिससे समाज को कुछ मिल सके। हम जितने अच्छे कार्य करेंगे उतने ही बेहतर समाज का निर्माण करने में सफल होंगे। उन्होंने युवाओं से नशाखोरी से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन चौधरी ने सात दिवसीय शिविर के दौरान किए गए कार्यों बारे जानकारी दी। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी। विद्यालय के छात्र रोहित व ऋतिक ने स्वयं द्वारा बनाई गई कविताएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में उमंग के अध्यक्ष देवीलाल बारना, प्रिंसीपल रीटा बठला व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।
Post Now India Post Now India