कैथल, 26 मार्च: हरियाणा के मुख्य निवार्चन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2019 के दौरान सभी पोलिंग बुथ सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगे। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर मतदान का प्रतिशत कम रहा था, उन सभी जगहों पर विशेष अभियान चलाकर आमजन को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन मंगलवार देर सायं वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से लोकसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी बुथों की लोकेशन पर माईक्रो आब्जर्वर नियुक्त रहेंगे। इसके साथ-साथ जोनल मैजिस्ट्रेट तथा सैक्टर आफिसर भी चुनाव प्रक्रिया में कार्य करेंगे। मतदान केंद्रों पर बैठने वाले एजैंट किसी विशेष पार्टी की डै्रस या अन्य निशान डालकर नही बैठ सकते। मतदान के दौरान दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। मतदान करने के लिए जिला के वोलिंटियर्स उन सभी को मतदान केंद्र तक लाने तथा मतदान करने में हर तरह की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी इस दौरान अपने मोबाईल ऑन रखना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ-साथ चुनाव के दौरान पॉवर बैंक की वैकल्पिक व्यवस्था भी रखेंगे, ताकि कनैक्टिविटी निरंतर बनी रहे। मतदान के दौरान महिला व पुरूष मतदाताओं की गणना जरूर करें, ताकि यह जानकारी मिल सके कि कितनी महिलाओं व पुरूषों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। मतदान करने वाले साक्षर मतदाताओं के हस्ताक्षर भी जरूर करवाए जाएं। उम्मीदवार द्वारा नामांकन के दौरान दिए जाने वाले शपथ पत्र को पूरा भरवाकर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि 12 मई को होने वाले लोकसभा आम चुनाव में अधिक से अधिक लोगों को वोट करने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन मतदाताओं के पास मतदाता पहचान पत्र नही है, वह मतदाता विभिन्न 11 दस्तावेज पासपोर्ट, ड्राईविंग लाईसैंस, हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार द्वारा जारी किया गया कर्मचारी पहचान पत्र, बैंक व पोस्ट आफिस की फोटो सहित पासबुक, पैन कार्ड, आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, हैल्थ इंश्योरेंस स्मार्ट कार्ड, फोटो सहित पैंशन दस्तावेज, सांसद, विधायक कार्यालय द्वारा पहचान पत्र तथा आधार कार्ड दिखाकर मतदान कर सकता है। मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि रात 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक तेज आवाज तथा लाउड स्पीकर पर पाबंदी रहेगी। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए विज्ञापन व अन्य रैली के लिए स्थान निर्धारित किए जाएं। ब्लक एसएमएस के लिए एमसीएमसी कमेटी से पूर्व में अनुमति लेना जरूरी है। चुनावी प्रक्रिया में सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किए गए मापदंड के अनुसार कार्य करें। आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना दृढ़ता से की जाए। सी-विजिल पर आने वाली शिकायतों का निपटारा 100 मिनट में करना सुनिश्चित करें। जिला के महत्वपूर्ण नंबर चुनाव प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के पास होने चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी से बातचीत की जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिला में जोनल मैजिस्ट्रेट तथा सैक्टर सुपरवाईजर की नियुक्ति की जा चुकी है। सी-विजिल पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पिछले चुनावों में जिन बुथों पर कम मतदान हुआ था, उन सभी जगह पर विशेष प्रचार-प्रसार करके लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस मौके पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी, पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम, अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश ईषा कंबोज व संजय कुमार, जिला उप निर्वाचन अधिकारी व नगराधीश जगदीप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, डीआईओ दीपक खुराना, तहसीलदार छोटू राम, चुनाव नायब तहसीलदार राजपाल बूरा, शमशेर सिंह, राजेंद्र, सुदेश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India