करनाल 21 अप्रैल: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि 12 मई को होने वाले लोकसभा के आम चुनाव के नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है जोकि 23 अप्रैल तक रहेगी। सैक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में उपायुक्त न्यायालय (डीसी कोर्ट) में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र प्रात: 11 बजे से बाद दोपहर 3 बजे दाखिल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने के केवल दो दिन शेष हैं, उम्मीदवार 22 अप्रैल व 23 अप्रैल के दिन नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इसके बाद 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच-पड़ताल की जाएगी और 26 अप्रैल को उम्मीदवारों द्वारा अपने नाम वापिस लिए जा सकेंगे, जबकि 29 अप्रैल को आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आबांटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र भरने वाले उम्मीदवार सहित केवल 5 आदमी ही अंदर आ सकेंगे, शेष व्यक्ति व गाडिय़ां 100 मीटर के दायरे से बाहर ही रहेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोकसभा के आम चुनाव में चुनावी खर्च व आदर्श आचार संहिता को लेकर चुनाव ऑबजर्वरों की उम्मीदवारों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रहेगी, कहीं पर भी आचार संहिता का उल्लंघना न होने दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उम्मीदवारों से अपील की कि वे आदर्श आचार संहिता की दृढ़ता से पालना करें और प्रशासन को सहयोग करें ताकि लोकसभा के आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाया जा सके। उन्होंने मतदाताओं से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए आगे आएं और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें।
Post Now India Post Now India