Breaking News
Home / Lok Sabha Election / हरियाणा में सम्मानजनक हिस्सा प्राप्त करेगी इनेलो: अभय

हरियाणा में सम्मानजनक हिस्सा प्राप्त करेगी इनेलो: अभय

कुरुक्षेत्र, 20 अप्रैल: इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला ने कहा कि आज कांग्रेस की हालत बद से बदतर है। कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। भाजपा के प्रत्याशियों का जनता में विरोध हो रहा है। हरियाणा की जनता का केवल इनेलो में विश्वास है। इन हालात में वह सभी दस सीटें जीतने का दावा तो नहीं करते, लेकिन हरियाणा में इनेलो लोकसभा चुनाव में अपना पूरा सम्मानजनक हिस्सा प्राप्त करेगी। यह तय है कि केंद्र में न भाजपा की सरकार बन रही है न कांग्रेस की। तीसरे मोर्चे की सरकार बिना इनेलो के समर्थन के नहीं बनेगी और इनेलो अपनी शर्तों के आधार पर केंद्र में बनने वाली सरकार को समर्थन देगी। इनेलो की शर्तों में किसानों का पूरा कर्जा माफ करना, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करना, युवाओं को रोजगार देना इत्यादि शामिल हैं। अभय चौटाला पंजाबी धर्मशाला में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के पश्चात पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र मदान, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, पार्टी के प्रदेश सचिव गगनजोत संधू, कुरुक्षेत्र जिला प्रधान संदीप टेका, कैथल जिला प्रधान कंवलपाल अरोड़ा, शहरी प्रधान विवेक मैहता विक्की भी उपस्थित थे।

अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सभी दस लोकसभा सीट जीतने का दावा करती है, लेकिन हालत यह है कि जहां भी भाजपा प्रत्याशी जाते हैं जनता उनका विरोध कर रही है और भाजपा प्रत्याशियों को काले झंडे दिखाए जा रहे हैं। प्रदेश में महागठबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कल तक ओम प्रकाश चौटाला और अजय चौटाला को जेल भिजवाने के लिए कांग्रेस को दोषी मानते थे आज वे लोग कांग्रेस के साथ चुनावी महागठबंधन करने के लिए कांग्रेस के दरवाजे पर नाक रगड़ रहे हैं। इससे उनका यह आरोप साबित हो रहा है कि इनेलो को कांग्रेस के इशारे पर तोड़ने का काम किया गया है, लेकिन इनेलो पूरी तरह से चट्टान की तरह मजबूत हैं। इनेलो देश का एकमात्र संगठन हैं, जिसके कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि देश में जो हालात बने हुए हैं इन परिस्थितियों में कांग्रेस 100 से अधिक सीटें प्राप्त नहीं करेगी और भाजपा भी 200 के करीब जाकर रुक जाएगी। किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा और देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी।

एक प्रश्न के उत्तर में अभय चौटाला ने कहा कि पार्टी ने दस में से नौ लोकसभा प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा भी रविवार को कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम से कई कार्यकर्ता टिकट लेने के इच्छुक हैं लेकिन समीकरणों को देखते हुए प्रत्याशी का अंतिम फैसला पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला करेंगे। अभय चौटाला ने जानकारी दी कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला 23 अप्रैल को नामांकन पत्र भरेंगे। उन्होंने कहा कि वे तथा अशोक अरोड़ा पूरे प्रदेश में पार्टी का चुनाव अभियान संभालेंगे। कुरुक्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि अर्जुन चौटाला का चुनाव कार्यकर्ता लड़ेंगे। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में अभय चौटाला ने कहा कि पार्टी ने टिकट वितरण में युवाओं, किसान और सैनिकों को प्राथमिकता दी है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से सलाहमशविरा करके चुनाव में प्रत्याशी उतारे हैं।

About postnow

Check Also

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना का कार्य करने वाले मतगणना सुपरवाईजर, काउंटिंग सहायक तथा माईक्रो आब्जर्वर का रैंडोमाईजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, मतगणना पर्यवेक्षक सुशीला तथा रिंकी जैयसवाल की उपस्थिति में किया गया

कैथल, 22 मई: कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *