कैथल, 16 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी व पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने संयुक्त रूप से लोकसभा आम चुनाव के लिए आरकेएसडी कॉलेज व स्कूल तथा आईजी कॉलेज में बनने वाले मतगणना केंद्रों का दौरा किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर डयूटी पर लगने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों तथा चुनावी एजैंटों के लिए अलग रास्ते बनाए जाएंगे। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बीएसएफ और पुलिस फोर्स के जवान 24 घंटे स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात हैं। मतगणना केंद्रों की थ्री टायर सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए गए हैं। मतगणना के दिन एजैंटों के मोबाईल फोन केंद्रों पर लाने पर प्रतिबंध होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना परिसरों पर समूचित बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन आरकेएसडी कॉलेज के सायं कालीन ब्लाक तथा आईजी पब्लिक स्कूल में मीडिया सैंटर स्थापित किया जाएगा। इस मीडिया सैंटर में इंटरनेट के साथ-साथ तमाम जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मीडिया सैंटर के माध्यम से पल-पल की रिपोर्ट आम जन तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कैथल विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आरकेएसडी कॉलेज के हॉल, कलायत विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आरकेएसडी स्कूल के हॉल, पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना आईजी कॉलेज के कॉमन कक्ष तथा गुहला विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना ऑडिटोरियम हॉल में की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रानुसार 14 टेबल लगाई जाएंगी। इसके साथ-साथ एक टेबल वीवीपैट की गणना हेतू लगाई जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार संपूर्ण मतगणना का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर गुहला के उपमंडलाधीश महेंद्र पाल, उप पुलिस अधीक्षक कुलभूषण, तहसीलदार छोटू राम व जगदीश चंद्र, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोजी, चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह, सुदेश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India